Doorstep Delivery Feature: रोजाना ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को रेलवे विभाग की तरफ से बहुत जल्द एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है. रेलवे बोर्ड की यह नई सुविधा उन यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित होगी, जो अपना सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना चाहते हैं. दरअसल, रेलवे बहुत जल्द ‘डोर-टू-डोर’ सुविधा शुरू करने जा रहा है, जिससे अब यात्री घर बैठे मोबाइल ऐप से अपना पार्सल बुक कर सकेंगी. इस नई पहल से लॉजिस्टिक्स पार्टनर ग्राहक के घर से पार्सल लेकर उनके बताए गए पते पर सुरक्षित तरीके से पहुंचाएंगे. यह सुविधा शुरुआत में 8 शहरों से शुरू होगी.
रेल पार्सल ऐप से होगी बुकिंग
रेलवे बोर्ड ‘रेल पार्सल ऐप – घर से घर तक’ लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है. इस नए ऐप से ग्राहक घर बैठे अपने मोबाइल फोन से ट्रेन से पार्सल भेजने के लिए बुकिंग कर सकेंगे. लॉजिस्टिक्स पार्टनर ग्राहकों के घर आएंगे और ऐप में भरे गए पते पर सुरक्षत तरीके से पार्सल पहुंचा देंगे. जरूरत पड़ने पर ग्राहकों को पैकिंग जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी. यह सुविधा सबसे पहले दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे जैसे शहरों से शुरू होग. इसके शुरू होने के बाद यात्री अपना सामान एक जगह से दूसरी जगह आसानी से और बिना किसी परेशानी के भेज सकेंगे.
बुकिंग का समय और नियम
रेलवे के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि अगर कोई यात्री ट्रेन से पार्सल भेजना चाहता है, तो वह ट्रेन के रवाना होने से 15 दिन पहले इस ऐप के जरिए बुकिंग कर सकता है. ग्राहक ट्रेन छूटने से एक दिन पहले तक अपने सामान के लिए बुकिंग कर सकती हैं. अधिकारी के अनुसार, लॉजिस्टिक्स पार्टनर को स्टेशन से ट्रेन रवाना होने से एक घंटे पहले ग्राहक का पार्सल रेलवे कर्मचारी को सौंपना होगा, ताकि पार्सल को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में रखा जा सके.
ये भी पढ़ें-अब रात में नहीं कर सकेंगे मोबाइल चार्ज! रेलवे का बड़ा फैसला, जानें नया नियम
अभी रेलवे की पार्सल सेवा कैसी है?
- भारतीय रेलवे केवल यात्रियों को ही नहीं, बल्कि बाइक, कार, घर का सामान और व्यापारिक माल भी एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाता है.
- इसके लिए रेलवे कई तरह की पार्सल सेवाएं चलाता है.
- आप छोटा पैकेट, भारी सामान और जल्दी खराब होने वाली चीजें भी भेज सकते हैं.
- सामान की बुकिंग parcel.indianrail.gov.in पोर्टल से की जा सकती है. फिलहाल सामान को खुद रेलवे स्टेशन तक पहुंचाना पड़ता है.
