Vande Bharat Express: देश की सबसे आधुनिक और तेज़ मानी जाने वाली ट्रेनों में से एक वंदे भारत ट्रेन में यात्रा करने वाले एक परिवार के लिए बुधवार का सफर किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. जिस सेवा को लेकर रेलवे बड़े-बड़े दावे करता है, उसी सेवा ने एक बुजुर्ग महिला और उनके बेटे को पूरे रास्ते भूखा रहने पर मजबूर कर दिया. इसकी वजह थी खाने में मिला एक जीवित कीड़ा.
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, जमालपुर से हावड़ा जाने वाली वंदे भारत में एक महिला अपने पुत्र के साथ यात्रा कर रही थीं. दोनों ने सफर के दौरान दोपहर का भोजन ऑर्डर किया. थाली आने के कुछ ही देर बाद जब उन्होंने कटोरी उठाई, तो उसमें उन्हें कुछ रेंगता हुआ नजर आया. गौर से देखा तो दाल के अंदर लाल रंग का छोटा सा कीड़ा तैर रहा था.यह नजारा देखते ही दोनों की भूख खत्म हो गई
कर्मचारी ने कहा-अब कुछ नहीं हो सकता
परेशान यात्री ने उसी समय वहां मौजूद खानपान कर्मचारियों को बुलाकर पूरी बात बताई.उन्हें उम्मीद थी कि गलती मानकर तुरंत नया और साफ खाना दिया जाएगा.लेकिन कर्मचारियों का जवाब सुनकर वे और ज्यादा हैरान रह गए. कहा गया कि अब कुछ नहीं हो सकता, चाहें तो हल्का-फुल्का नाश्ता ले लीजिए. यानी पैसे देकर खरीदा गया दूषित खाना बदलने की कोई व्यवस्था नहीं थी
यात्री ने हेल्पलाइन पर संपर्क की
इसके बाद यात्री ने रेलवे की आपात हेल्पलाइन पर संपर्क किया और ऑनलाइन माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई. भोजन की तस्वीर भी साझा की गई. इसके बावजूद हावड़ा पहुंचने तक किसी अधिकारी या कर्मचारी ने उनसे संपर्क नहीं किया और न ही कोई दूसरा भोजन उपलब्ध कराया गया. मां-बेटे को खाली पेट ही पूरी यात्रा पूरी करनी पड़ी.घटना के सामने आने के बाद मालदा मंडल के एक वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारी ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में आ गई है.
