Cyber Safety Tips Rakhi Shopping: कुछ ही दिनों बाद रक्षाबंधन का त्योहार आने वाला है. इस बीच लोग अभी से ही खरीदारी में व्यस्त हो गए हैं. कुछ लोग बाजार से सामान खरीद रहे हैं, तो वहीं कई लोग ऑनलाइन शॉपिंग कर रहे हैं. अक्सर त्योहारों के मौके पर साइबर ठग भी एक्टिव हो जाते हैं. इस दौरान वे सस्ते दामों और भारी छूट का लुभावना प्रलोभन देकर ग्राहकों को अपना शिकार बनाते हैं. लोग सस्ते और आकर्षक ऑनलाइन ऑफर्स के चक्कर में ठगों के जाल में फंस जाते हैं और उन्हें पता भी नहीं चलता. इसके बाद कुछ ही सेकंड में ग्राहकों का बैंक खाता खाली हो जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि रक्षाबंधन के मौके पर होने वाली साइबर ठगी से कैसे बचें और खुद को कैसे सुरक्षित रखें, ताकि आपका बैंक खाता सुरक्षित रहे.
त्योहारों के सीजन में एक्टिव होते हैं साइबर ठग
त्योहारों के सीजन में ऑनलाइन ठगों से सतर्क रहना बहुत जरूरी है, क्योंकि यही वह समय होता है, जब ठगों को शिकार करने का अच्छा मौका मिलता है. ठग कभी व्हाट्सएप के जरिए ऑफर्स वाला फेक लिंक सेंड करते हैं, तो कभी नॉर्मल मैसेज या जीमेल पर. इन फेक लिंक्स पर क्लिक करते ही आपके खाते से पैसे गायब हो जाते हैं और आपको भनक भी नहीं लगती है. इसलिए आपको त्योहारों के सीजन में बहुत ही ज्यादा सावधान रहने की जरूरत होती है.
साइबर ठगी से कैसे बचें?
- त्योहारों के समय ऑनलाइन धोखाधड़ी बढ़ जाती है.
- ठग आपको सोशल मीडिया या मैसेज पर नकली वेबसाइट के लिंक भेजते हैं.
- ये लिंक भारी छूट और आकर्षक विज्ञापनों का लालच देते हैं.
- ऐसे नकली लिंक्स पर क्लिक करने या खरीदारी करने से बचें.
- यहां क्लिक करने से आपके बैंक और प्राइवेट जानकारी चोरी हो सकती है.
- बैंक या ई-कॉमर्स कंपनी का नाम लेकर आने वाले अनजान फोन कॉल्स से सावधान रहें.
- कोई भी असली अधिकारी फोन पर आपसे कैशबैक, ऑफर या रिफंड की बात नहीं करता.
- फोन पर किसी को भी अपना OTP, ATM PIN या पासवर्ड न बताएं.
- कोई भी बैंक कभी भी आपसे आपकी ऐसी प्राइवेट जानकारियां नहीं मांगता है.
इन बातों का भी ध्यान रखें
- किसी भी ऑनलाइन गिफ्ट या ऑर्डर की सही स्टेटस जानने के लिए हमेशा संबंधित कंपनी के ऑफिशियल एप या वेबसाइट का ही यूज करें.
- किसी भी फेक मैसेज में दिए गए कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा करने से बचें ताकि आप साइबर ठग का शिकार न हो सकें.
