Online Banking Fraud Prevention: इस डिजिटल दौर में आए दिन ऑनलाइन फ्रॉड के मामले देखने को मिल रहे हैं. साइबर ठग नए-नए जाल अपनाकर आम लोगों के बैंक खाते से लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी कर लेते हैं. साइबर ठगों से बचने के लिए अब आरबीआई बहुत जल्द नई व्यवस्था शुरू करने जा रहा है. इसके लिए RBI ने नया प्रस्ताव तैयार किया है. नई सुविधा की तहत ग्राहक खाते से होने वाले सभी नई डिजिटल पेमेंट और विड्रॉल पर तुरंत रोक लगा सकेंगे.
RBI ने इस नई सुविधा का नाम स्टॉप स्विच दिया है. आरबीआई का कहना है कि इस नई व्यवस्था के लागू होने से बैंक से जुड़े वित्तीय लेन-देन में हो रही धोखाधड़ी पर रोक लगेगी. आइए जानते हैं कि इससे बैंक ग्राहकों को क्या लाभ होगा.
क्या होगा स्टॉप स्विच फीचर का असर
- आरबीआई के अनुसार, अगर यह नया फीचर लागू होता है, तो देश के सभी सरकारी और प्राइवेट बैंकों को इस नई सुविधा को अपने ग्राहकों के लिए लागू करना होगा.
- ‘स्टॉप स्विच’ फीचर की मदद से ग्राहक अपने खाते से कोई डिजिटल पेमेंट या विड्रॉल नहीं कर सकेंगे.
- इसके अलावा, बैंक ग्राहक नए पेमेंट इंस्ट्रक्शन्स, रिकरिंग पेमेंट की नई व्यवस्था शुरू करने या किसी नए थर्ड पार्टी ऐप पर अपने खाते से यूपीआई रजिस्टर भी नहीं कर सकेंगे.
- वहीं ग्राहकों के मन में यह सवाल है कि क्या इससे खाते मी रखे पैसे पर कोई असर पड़ेगा या नहीं.
- आरबीआई के अनुसार, स्टॉप स्विच फीचर का असर बैंक में जमा राशि पर नहीं पड़ेगा.
कैसे दोबारा शुरू होगा खाता
- बता दें कि रिकरिंग पेमेंट, स्टैंडिंग पेमेंट इंस्ट्रक्शन्स और बैंक की तरफ से बकाया चार्ज या लोन की किस्त वसूलने के लिए की जाने वाली कटौती को रोक के दायरे से बाहर रखा गया है.
- अगर कोई भी ग्राहक अपने खाते को दोबारा पहले की तरह शुरू करना चाहता है, तो इसके लिए उसे अपने बैंक की संबंधित ब्रांच जाकर ‘स्टॉप स्विच’ फीचर को हटवाना होगा.
- इसके बाद बैंक आपके खाते को इस फीचर से बाहर कर देगा और आप पहले की तरह ही अपने खाते का उपयोग कर सकेंगे.
ग्राहकों को मिलेगा खाते पर पूरा कंट्रोल
स्टॉप स्विच फीचर के अलावा आरबीआई बैंक ग्राहकों को खाते से जुड़े दूसरे कंट्रोल देने की तैयारी कर रहा है. आरबीआई के नए प्रस्ताव के अनुसार, अगर किसी ग्राहक का खाता एक या उससे ज्यादा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक्टिव है, तो वो उसे अपने अनुसार बंद कर सकेंगे.
