Vistaar NEWS

बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने पर लाइसेंस हो सकता है सस्पेंड, अच्छे ड्राइविंग रिकॉर्ड वालों को मिलेगा फायदा!

Driving License

ड्राइविंग लाइसेंस

Driving License Suspension: सड़क पर गाड़ी चलाते समय ट्रफिक नियमों का पालन करना हर वाहन चालक की जिम्मेदारी है. लेकिन कई लोग आज भी नियमों की अनदेखी करते हैं. ऐसे वाहन चालकों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार एक नया ग्रेडेड पॉइंट्स सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रही है. इस सिस्टम के तहत ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग रिकॉर्ड में नेगेटिव पॉइंट्स जोड़े जा सकते हैं. अगर किसी चालक के नेगेटिव पॉइंट्स तय सीमा तक पहुंच जाते हैं, तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किया जा सकता है.

बार-बार नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रस्तावित सिस्टम की जानकारी दी है. इसका मकसद ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई करना है, जो लगातार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं. अगर कोई चालक बार-बार नियम तोडता है, तो उसके रिकॉर्ड में पॉइंट्स बढ़ते जाएंगे. गंभीर या लगातार उल्लंघन की स्थिति में ड्राइविंग लाइसेंस को स्थायी रूप से रद्द करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है.

नियम मानने वाले ड्राइवरों को मिल सकता है फायदा

इस आधुनिक ट्रैफिक सिस्टम में सिर्फ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई नहीं होगी, बल्कि अच्छे ड्राइवरों को इनाम भी मिलेगा. जो लोग जिम्मेदारी से गाड़ी चलाएंगे और जिनका ड्राइविंग रिकॉर्ड हमेशा साफ-सुथरा रहेगा, उन्हें आने वाले समय में बड़ा फायदा हो सकता है. भविष्य में ऐसी उम्मीद है कि इंश्योरेंस कंपनियां इन अच्छे ड्राइवरों को उनके बेहतरीन रिकॉर्ड के लिए खास इंसेंटिव या बीमा के पैसों में बड़ी छूट देंगी. यह कदम लोगों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेगा. इससे सड़कों पर हादसे कम होंगे और हर नागरिक का सफर पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाएगा.

ये भी पढ़ें-अब और सुरक्षित होगा रेल सफर! 712 किमी ट्रैक पर लगेगा कवच सिस्टम, जानें कैसे करता है काम

सरकार का क्या है मकसद?

सरकार का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना और कई तरह की दूसरी कार्रवाई की जाएगी, जबकि जिम्मेदारी से वाहन चलाने वाले लोगों को प्रोत्साहन दिया जा सकता है.

Exit mobile version