1601 Number Series Utility Calls: दूरसंचार नियामक ट्राई (TRAI) ने साधारण 10 अंकों वाले मोबाइल नंबरों से होने वाले साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. अब बिजली, पानी, एलपीजी, सिटी गैस, कूरियर और लॉजिस्टिक कंपनियों के लिए अपने ग्राहकों को सर्विस या लेनदेन से जुड़ी कॉल करने के लिए ‘1601’ से शुरू होने वाली नंबर सीरीज का उपयोग करना जरूरी कर दिया गया है.
1601 नंबर सीरीज में क्या है खास
पहले केवल बैंक, फाइनेंस कंपनियों और सरकारी विभागों के लिए ‘1600’ सीरीज तय थी, लेकिन वित्तीय कॉल्स की सेफ़्टी को बनाए रखने और ग्राकों को भ्रम से बचाने के लिए अब दूसरी जरूरी सेवाओं के लिए ‘1601’ सीरीज बनाई गई है. पहले स्टेप में यह सीरीज बिजली, पानी, एलपीजी और सिटी गैस सप्लाई करने वाली कंपनियों के साथ-साथ कूरियर, पार्सल डिलीवरी और माल ढुलाई करने वाली लॉजिस्टिक कंपनियों को दी जाएगी. TRAI ने साफ किया है कि इन नंबरों का इस्तेमाल केवल जरूरी काम या सर्विस से जुड़ी जानकारी देने के लिए होगा, इनसे किसी भी तरह का Promotional Call नहीं किया जा सकेगा.
टेलीकॉम कंपनियों के लिए नियम
ट्राई ने आदेश दिया है कि ‘1601’ सीरीज के नंबर सीधे मेन कंपनियों को ही मिलेंगे किसी भी थर्ड-पार्टी को ये नंबर नहीं दिए जाएंगे. टेलीकॉम कंपनियों को पूरी जांच-पड़ताल और लिखित गारंटी लेने के बाद ही ये नंबर अलॉट करने होंगे. इसके साथ ही, टेलीकॉम ऑपरेटरों को 90 दिनों के अंदर इन सभी जरूरी सेवा प्रदाता कंपनियों का रजिस्ट्रेशन पूरा करके उन्हें इस नई नंबर सीरीज पर शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया है.
ये भी पढ़ें-Raksha Bandhan 2026: राखी भेजने पर डाक विभाग देगा 10% तक की छूट, सिर्फ 10 रुपए में भेजें राखी
Truecaller विवाद और ट्राई का सख्त नियम
हाल ही में Truecaller जैसे कॉलर आईडी ऐप्स द्वारा ‘140’ और ‘1600’ सीरीज वाले नंबरों को Spam दिखाने पर काफी विवाद हुआ था. इस पर TRAI ने अब पूरी तरह स्थिति साफ कर दी है कि ‘1600’ और ‘1601’ सीरीज के नंबरों पर किसी भी तरह का स्पैम टैग नहीं लगाया जा सकता. ये नंबर बैंक और दूसरी जरूरी सेवा प्रदाताओं द्वारा ग्राहकों को ट्रांजैक्शन की पुष्टि, सुरक्षा अलर्ट और बहुत महत्वपूर्ण जानकारियां देने के लिए उपयोग किए जाते हैं.
