Bulldozer Action Demand Raised: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यालय बाहर बनी अवैध मजार को हटाने के लिए नोटिस मिला है. हिंदूवादी नेता कुंवर अजय तोमर ने जिला कलेक्टर, नगर आयुक्त और पीडब्ल्यूडी को 60 दिनों का कानूनी नोटिस भेजा है. इस दौरान प्रशासन से 60 दिनों के अंदर अवैध मजार को हटाने की बात कही गई है. अब देखना यह होगा कि अवैध मजार कब तक हटती है?
आगरा में यह मजार सड़क के बीचों-बीच बनी हुई है. इस मजार को हटाने के लिए कानूनी लड़ाई शुरू हो गई है. अजय तोमर ने नोटिस में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए जाम व हादसों की आशंका जताते हुए हटाने की मांग की है. अजय तोमर ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, कोई भी दरगाह, मजार, मस्जिद या मंदिर सड़क के बीच में अवरोध नहीं बन सकता है.
नोटिस में सुप्रीम कोर्ट का दिया हवाला
अजय तोमर ने कहा कि अगर किसी धार्मिक स्थल से सड़क मार्ग में बाधा है या सरकारी जमीन पर बना हुआ है तो उसे शासन और प्रशासन द्वारा तुरंत हटाना चाहिए. इस दौरान उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जिक्र किया. अजय तोमर ने कहा कि सड़क के बीच अवैध मजार के कारण सड़क पर अक्सर जाम लगने, लोगों का समय और धन बर्बाद होता है.
60 दिनों के अंदर मजार हटाने की नोटिस
अजय तोमर ने प्रशासन से मांग की है कि नोटिस प्राप्त होने के 60 दिनों के अंदर अवैध मजार को ध्वस्त कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अवैध मजार को हटाए जाने की उम्मीद जगी थी, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता की वजह से इसे नहीं हटाया जा सका. उन्होंने कहा कि अगर इसे 60 दिनों के अंदर नहीं हटाया गया तो फिर उनके पास न्यायालय में जाने के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचेगा.
