Ballia News: बलिया की 7 वर्षीय मासूम छात्रा जो एक पैर से कूद-कूदकर जाने पर मजबूर थी. अब उसकी गुहार प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गई है. सीएम योगी ने रागिनी के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही है. रागिनी के इलाज के लिए स्थानीय प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है. जल्द ही बच्ची को इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू भेजा जाएगा. जानें क्या है मामला?
बता दें, मासूम छात्रा बलिया जिले के ग्राम पंचायत रानीपुर की रहने वाली है, जिसमें पैदा होने के 6 महीने बाद ही दुर्घटना में पैर टूट गया. परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से रागिनी का अच्छे से इलाज भी नहीं हो पाया. जिसकी वजह से वह अभी भी पैर से विकलांग है. इस मामले में प्रशासन की भी लापरवाही सामने आई है. क्योंकि आज तक प्रशासन की ओर से रागिनी को कोई मदद नहीं की गई थी.
एक पैर से कूदते स्कूल जाती थी रागिनी
जानकारी के अनुसार, रागिनी कक्षा 1 में पढ़ती है और स्कूल उसके घर से करीब 400 मीटर दूर है. स्कूल तक वह प्रतिदिन एक पैर से कूदते हुए जाती है. 31 अगस्त को बलिया के डीएम मंगला प्रसाद सिंह से भावुक अपील करते हुए रागिनी ने कहा था कि उसका एक पैर खराब है और उसे स्कूल जाने के लिए साइकिल की जरूरत है. हालांकि, कलेक्टर ने रागिनी की बातों पर तुरंत एक्शन लिया और उसे एक नहीं, बल्कि दो ट्राइसाइकिल दिलाई.
ये भी पढ़ेंः ‘बॉर्डर पर दुश्मन सामने होता है, लेकिन यहां…’, राम मंदिर के नए CEO को बृजभूषण सिंह की बड़ी सलाह
योगी सरकार कराएगी इलाज
अब इस मामले को सीएम योगी ने भी संज्ञान में लिया है. सीएम के निर्देश के बाद गुरुवार को रागिनी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया. इसके बाद परिवार की सहमति के बाद रागिनी को वाराणसी के बीएचयू अस्पताल भेजने का निर्णय लिया गया. डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि रागिनी के इलाज का पूरा खर्च प्रदेश सरकार उठाएगी. सरकार के अलावा राज्यसभा सांसद संजय सिंह और फिजिक्स वाला के सह-संस्थापक एवं सीईओ अलख पांडेय ने भी आर्थिक मदद की है.
