Lucknow Controversial Posters: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा हाई है. तमाम राजनीतिक दलों की तरफ से अलग-अलग तरीके से बयानबाजी की जा रही है. राजधानी लखनऊ में दशहरे को लेकर लगाए पोस्टरों के बाद हलचल तेज हो चली है. पोस्टर पर ‘भारत विरोधी दशानन रावण’ का संदेश लिखा है. इसे सनातन रक्षा संगठन की ओर से लगाया गया है. जिसमें राहुल गांधी- एलन मस्क और अखिलेश यादव समेत कई नेताओं की तस्वीरें लगाई गई हैं.
पोस्टर में माफिया अतीक अहमद को रावण के मुख्य चेहरे के रूप में दिखाया गया है. इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अखिलेश यादव, मुख्तार अंसारी और वकील प्रशांत भूषण की तस्वीरें भी लगाई गई हैं.
विदेशी हस्तियों में अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क, उद्योगपति जॉर्ज सोरोस, अमेरिकी सांसद इल्हान उमर और बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस को जगह दी गई है.
संगठन ने क्यों लगाए पोस्टर?
पोस्टर लगाने वाले संगठन का दावा है कि इसमें शामिल लोगों ने अपने बयानों, गतिविधियों या फैसलों के जरिए भारत के हितों के खिलाफ काम किया है. संगठन ने अलग-अलग हस्तियों को लेकर अपनी आपत्तियां भी जताई हैं.
एलन मस्क की तस्वीर को स्टारलिंक से जुड़ी चर्चाओं के संदर्भ में शामिल किया गया है. वहीं, जॉर्ज सोरोस पर भारतीय लोकतंत्र में दखल देने को लेकर दिखाया गया है.मोहम्मद यूनुस पर पूर्वोत्तर भारत को लेकर दिए गए कथित बयानों के आधार पर सवाल उठाए गए हैं. इल्हान उमर को भी संगठन ने अपने आरोपों के चलते पोस्टर में शामिल किया है.
दशहरे से पहले पोस्टरबाजी पर विवाद
त्योहार से ठीक पहले नेताओं को रावण के सिरों पर लगाने से विवाद खड़ा हो गया है. इस घटनाक्रम को उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले तेज हो रही राजनीतिक बयानबाजी से भी जोड़कर देखा जा रहा है.
वहीं, पोस्टर को लेकर समाजवादी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं की आपत्ति की खबरें भी सामने आई हैं. सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे पोस्टर लगाए जाने के बाद प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल इस मामले में पोस्टर लगाने वाले संगठन के आरोपों और विरोध करने वाले पक्ष की प्रतिक्रियाओं के बीच राजनीतिक बहस तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत के मामले में 3 पर FIR, मरने से पहले लिया था इन लोगों का नाम
