Vistaar NEWS

लखनऊ में आतंकी साजिश नाकाम! सेना-पुलिस के जवान को मारने की थी योजना, 4 संदिग्ध गिरफ्तार

up news

एटीएस ने इन तीन लोगों को किया गिरफ्तार

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है. यूपी एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. इनमें तीन युवक और एक नाबालिग शामिल है. गिरफ्तार संदिग्ध सभी पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे. उसके इशारे पर ही लखनऊ में किसी सेना या पुलिसकर्मी की हत्या करने की तैयारी कर रहे थे. इस वारदात का वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजने का प्‍लान था.

एटीएस के अनुसार, पकड़े गए युवकों की पहचान पंजाब के गगनदीप सिंह (26), रजत कुमार (19) और क्रिश (21) के रूप में हुई है. इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है. सभी का संबंध प्रतिबंधित शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) से होने का आरोप है. इनके पास से एक विदेशी पिस्टल और 20 कारतूस बरामद किए गए हैं.

पाकिस्तान से मिल रहे थे निर्देश

जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे राणा भाई नाम के हैंडलर के संपर्क में थे. वह उन्हें सोशल मीडिया के जरिए निर्देश दे रहा था. एटीएस का दावा है कि आरोपियों को किसी पुलिस या सेना के जवान की हत्या करने का प्लान बनाया था. इसके साथ ही इन लोगों को हत्या का वीडियो बनाकर हैंडलर को भेजने का काम मिला था. इस काम के बदले उन्हें तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था.

लखनऊ पहुंचकर की रेकी

एटीएस के मुताबिक, आरोपी 27 अक्टूबर को पंजाब के अमृतसर से निकले थे. दिल्ली होते हुए 29 अक्टूबर की रात लखनऊ पहुंचे. उनके आने-जाने और रहने का खर्च भी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर ने भेजा था. लखनऊ पहुंचने के बाद आरोपियों ने रेलवे स्टेशन का वीडियो बनाकर उसे भेजा था.

जांच एजेंसी को उनके मोबाइल फोन से संदिग्ध चैट, वीडियो और संवेदनशील स्थानों की जानकारी मिली. आरोप है कि इन जगहों की रेकी कर उनकी लोकेशन भी हैंडलर तक पहुंचाई गई थी.

वारदात के बाद नेपाल भागने की थी तैयारी

एटीएस के अनुसार, आरोपियों को वारदात के बाद नेपाल भागने के निर्देश दिए गए थे. हथियार लखनऊ में ही नेटवर्क से जुड़े एक स्थानीय व्यक्ति ने उपलब्ध कराए थे. अब एटीएस उस व्यक्ति और इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है. फिलहाल एटीएस आरोपियों से पूछताछ कर फंडिंग, हथियारों की सप्लाई और पाकिस्तान से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है.

ये भी पढ़ें:पंजाब व‍िधानसभा चुनाव के लिए AAP ने किया उम्‍मीदवारों के नाम का ऐलान, देखें किसे कहां से मिला टिकट?

Exit mobile version