पैरा ओलंपिक खिलाड़ी चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या करने वाला निकला पुराना दोस्त, आरोपी ने बताई वजह

Ghaziabad News: यश खटीक मृतक चिराग त्यागी का पुराना दोस्त है, जिसने एक पुराने विवाद और शिकायत का बदला लेने के लिए चिराग को बेहद करीब से गोली मारी, जिसमें उसकी मौत हो गई.
Chirag Tyagi murder case

चिराग त्यागी (फाइल फोटो)

Chirag Tyagi Murder Case: अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में चिराग के ही एक साथी और पैरा खिलाड़ी यश खटीक को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपी यश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है.

जानकारी के अनुसार, यश खटीक मृतक चिराग त्यागी का पुराना दोस्त है, जिसने एक पुराने विवाद और शिकायत का बदला लेने के लिए चिराग को बेहद करीब से गोली मारी, जिसमें उसकी मौत हो गई. चिराग और यश दोनों स्कूल के दिनों में ‘ब्लाइंड कैटेगरी’ के तहत एक साथ एथलेटिक्स की प्रैक्टिस करते थे. लेकिन कुछ समय पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान चिराग ने यश के खिलाफ एक शिकायत दर्ज करा दी. जिसको लेकर यश का क्वालिफिकेशन रद्द हो गया और वह प्रतियोगिता में शामिल भी नहीं हो पाया.

दो दिन पहले ही जीता था गोल्ड मेडल

शिकायत के बाद यश ने चिराग को रास्ते से ही हटाने का मन बना लिया और बदले की भावना उसके अंदर सवार हो गई. इस दौरान यश ने एक अवैध पिस्तौल का जुगाड़ किया और मौका पाते ही चिराग की गोली मारकर हत्या कर दी. चिराग त्यागी देश के उभरते खिलाड़ियों में से एक थे. हाल ही में उन्होंने बेंगलुरु में राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 400 मीटर की दौड़ में गोल्ड मेडल जीता था. परिवार में जश्न का माहौल था, लेकिन इसी जश्न के बीच चिराग ने दुनिया को अलविदा कह दिया.

ये भी पढ़ेंः गाजियाबाद के सूर्या मर्डर केस का मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, मां बोली- बाकियों का भी ऐसे ही हो Encounter

दोस्त ही निकला दुश्मन

चिराग की हत्या बुधवार को हुई. उस दिन चिराग अपने घर से हॉस्टल जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आए. इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को साईं कुंज के पास एक शव मिलने की सूचना मिली. यह शव चिराग त्यागी का निकला. चिराग के परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात में कोई और शामिल था या सिर्फ यश का ही हाथ था. फिलहाल, इस हत्याकांड ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है.

ज़रूर पढ़ें