गाजियाबाद के सूर्या मर्डर केस का मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, मां बोली- बाकियों का भी ऐसे ही हो Encounter
गाजियाबाद पुलिस ने किया एनकाउंटर
UP News: गाजियाबाद में बकरीद के दिन सूर्या चौहान की हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी असद को मुठभेड़ में मार गिराया है. असद पर पुलिस ने 50,000 रुपए का इनाम रखा था. सूर्या के परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर एक्शन की मांग की थी. सूर्या की मां ने सरकार से मांग की है कि सभी आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और बुलडोजर एक्शन की कार्रवाई की जाए.
गाजियाबाद पुलिस को सूर्या चौहान की हत्या के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने 50,000 रुपए के ईनामी बदमाश को मार गिराया है. मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी अस्पताल में मौत हो गई.
दोस्त से पैसे लेने पहुंचा था असद
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को असद के बारे में पुख्ता जानकारी मिली थी कि वह अपने दोस्त के पास पैसे लेने के लिए खोड़ा इलाके में आने वाला है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम एक्टिव हो गई और उसे दबोचने के लिए जाल बिछाना शुरू कर दिया. असद कुछ ही देर बाद वहां आ पहुंचा और जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने फायरिंग करना शुरू कर दिया. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, तो एक गोली असद को लग गई, जिसकी वजह से वह घायल होकर गिर पड़ा. अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.
असद का एनकाउंटर, पांचवां आरोपी फरार
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें सूर्या चौहान को चाकू से हमला करते दिखाई दे रहा है. हत्याकांड में 5 आरोपियों के नाम मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें 3 पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं और चौथे का एनकाउंटर हो गया. पांचवां आरोपी अभी फरार है. सूर्या चौहान की मां ने कहा, “जिस तरह मेरे बच्चे को मारा गया, उन्हें (आरोपियों को) भी उसी तरह मारकर लाया जाना चाहिए. मैं अभी तक अपने बच्चे का चेहरा नहीं देखा है.”