Vistaar NEWS

‘कानून-व्यवस्था के लिए जरूरी था…’, सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने अयोध्या गोलीकांड का किया बचाव

SP Singh Patel

सपा सांसद एसपी सिंह पटेल

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियों के बीच अयोध्या के मुद्दे पर बयानबाजी जारी है. समाजवादी पार्टी के बलिया से सांसद सनातन पांडेय के बाद अब प्रतापगढ़ के सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने अयोध्या विवाद के दौरान कार सेवकों पर गोलीबारी का बचाव किया है. सपा सांसद ने कहा कि उस वक्त पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव ने जो किया, वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी था.

सपा सांसद ने मुलायम के फैसले को सही ठहराया

सपा सांसद ने कार सेवकों के कदम की वैधता पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामला कोर्ट में लंबित था और बाबरी को गिराने का कोर्ट ने कोई आदेश नहीं दिया था. पटेल ने कहा कि कार सेवकों को रोकने के लिए गोली चलवाना कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए था, किसी धर्म के समर्थन में नहीं था. जो चीज जहां है, वहीं रहे… हम इसका समर्थन करते हैं.

वहीं अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को सपा सांसद ने निजी आस्था का विषय बताया. उन्होंने कहा कि वे मथुरा-वृंदावन जाते हैं तो ढिंढोरा नहीं पिटते हैं. एसपी सिंह पटेल के पहले सनातन पांडेय ने भी कार सेवकों पर गोली चलवाने के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के आदेश का बचाव किया था.

सनातन पांडेय ने भी किया था बचाव

कार सेवकों पर गोलीबारी को लेकर सनातन पांडेय ने कहा था कि मुलायम सिंह यादव ने 1991 में जो कदम उठाया था वो भारतीय संविधान की रक्षा करने और एक संभावित गृहयुद्ध को रोकने के लिए था. सपा सांसद के इस बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई. ये देखते हुए सपा सांसद ने अपने बयान से यू-टर्न ले लिया. अपने बयान पर सफाई देते हुए सनातन पांडेय ने कहा, ‘हमने कभी नहीं कहा कि हमने गोली चलवाई. बल्कि ये कहा था कि भारत में रहने वाले हर व्यक्ति के लिए संविधान सबसे ऊपर है.’

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर बीजेपी हमलावर

बता दें कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाने वाले हैं, जहां वे रामलला के दर्शन करेंगे. अयोध्या में प्राणप्रतिष्ठा के बाद से अखिलेश यादव कभी राम मंदिर नहीं गए हैं. ऐसे में उनके दौरे को लेकर सियासत जारी है. सीएम योगी आदित्यनाथ भी अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सवाल उठा चुके हैं. सीएम योगी ने कहा है कि अगर अखिलेश यादव अयोध्या आते हैं तो कार सेवकों पर गोली चलवाने के लिए उन्हें से माफी मांगनी चाहिए.

Exit mobile version