Up Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए अभी काफी समय है. कुल मिलाकर कहा जाए तो 8-10 महीनों बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. लेकिन, तमाम राजनीतिक दलों ने अभी से ही अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. हर रोज बैठकों और मुलाकातों का दौर जारी है. इन सब के बीच अब सीएम योगी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को एक सलाह दी है, जिससे आम जनता से संपर्क बनाया जा सके और उनका भरोसा जीता जा सके.
गोरखपुर में सीएम योगी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को आम लोगों से गहराई से जुड़ने का मंत्र दिया हैं, यह बात उन्होंने बीजेपी अध्यक्षों को सम्मेलन में में कही है.
सीएम योगी ने बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोग हर दिन पांच घरों में जाइए. इस दौरान आप जिस भी घर में जाएं, वहां रहने वाले लोगों से नीम की दातून मांगिए, इसके साथ ही उनके साथ ही चाय पीजिए और उनकी बातों को सुनिए. इससे हमारा बूथ मजबूत होगा. उन्होंने यह भी कहा कि असली लड़ाई बूथों पर ही होती है. वहां से पूरा चुनाव तय होता है.
विपक्ष से सतर्क रहने की सलाह
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में विपक्ष से सतर्क रहने की भी सलाह दी है. उन्होंने कहा कि उनकी रणनीतियों से भी आपको सतर्क रहना होगा. उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि हम लगभग हर घर तक पहुंचे. सीएम योगी की यह क्लास करीब एक घंटे से ज्यादा तक चली. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत के कई मंत्र दिए और अपने चुनाव प्रचार के कई अनुभव भी शेयर किए.
कब होंगे यूपी में चुनाव
उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च में महीने में विधानसभा चुनाव कराए जा सकते हैं. इसी को लेकर तमाम संगठन अभी से ही सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत और रूठे नेताओं को मनाने में जुट गए हैं. बीजेपी की रणनीति सबसे निचले बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की है. यही वजह है कि प्रदेश भर में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें:‘फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी पेपर लीक के सभी मामलों की सुनवाई’, प्रोटेस्ट के बीच पीएम मोदी का बड़ा ऐलान
