UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारें को लेकर मंथन चल रहा है. तो वहीं कई अन्य राजनीतिक दल भी इंडिया गठबंधन में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं. इनमें सबसे बड़ा नाम पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य का था. हाल ही में उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी. लेकिन , उनके इंडिया गठबंधन में शामिल होने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ब्रेक लगा दिया है.
लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव से मौर्य के INDIA गठबंधन में शामिल होने को लेकर सवाल किया गया था. इस पर उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य हमारे गठबंधन में शामिल नहीं हो सकते. वह हमारी सीटों में भी नहीं आते है.
मौर्य ने की थी राहुल से मुलाकात
दरअसल, स्वामी प्रसाद मौर्य ने 3 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी. इस बैठक में कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम भी मौजूद थे. मुलाकात के बाद मौर्य ने INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी. उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनकी पार्टी कांग्रेस में विलय नहीं करेगी. बल्कि गठबंधन के सहयोगी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेगी.
मौर्य का कहना था कि बेरोजगारी, महंगाई, आरक्षण और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर उनकी और कांग्रेस की सोच मिलती है. इसी आधार पर वह विपक्षी दलों के साथ मिलकर भाजपा को चुनौती देना चाहते हैं.
सीट बंटवारे से पहले बढ़ी सियासी उलझन
अखिलेश यादव के बयान से गठबंधन में मौर्य की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं. उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस दोनों 2027 के चुनाव की तैयारी कर रही हैं. ऐसे में मौर्य की पार्टी को गठबंधन में जगह मिलना आसान नहीं दिख रहा. अब देखना होगा कि कांग्रेस इस मामले में क्या रुख अपनाती है. मौर्य आगे अपनी राजनीतिक रणनीति कैसे तय करते हैं.
ये भी पढ़ें: ‘यह संविधान बचाने की लड़ाई…’, महारैली से पहले राहुल बोले-दूसरे राज्यों से आ रहे लोगों को रोका जा रहा
