UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. तमाम राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों के साथ मैदान में उतर चुके हैं. इस बार के चुनाव में AIMIM और आजाद समाज पार्टी ने साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है. जिसे लोग तीसरा मोर्चा कह रहे हैं. इसी कड़ी में 26 नवंबर को दोनों ही नेताओं ने यूपी की राजधानी लखनऊ में एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान ओवैसी ने कहा कि अब अब्दुल के दरी बिछाने के दिन गए. अब वह दरी नहीं बिछाएगा. अब वह अपना हिस्सा भी लेगा.
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “आप लोग इतनी बड़ी संख्या में यहां इकट्ठा हुए हैं, जो समाजवादी पार्टी के नेताओं को एक स्पष्ट संदेश देता है. अब जनता आपके अवसरवाद और धोखे का शिकार नहीं बनेगी. यह एक नेक शुरुआत है. एक ऐसी शुरुआत जिसकी नींव में भागीदारी, भाईचारा और न्याय है.
उन्होंने आगे कहा कि समाज परिवर्तन मोर्चा’ की ओर से मुख्यमंत्री पद के चेहरे, मेरे भाई चंद्रशेखर आजाद की जीत, उम्मीद की जीत होगी, न्याय की जीत होगी, और यह एक ऐसी जीत होगी जो अत्याचार का अंत करेगी. ईश्वर ने चाहा तो, यह एक नए युग की शुरुआत होगी. ओवैसी ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़ी तादाद में आपका जमा होना समाजवादी नेता को भी पैगाम देता है कि अब जनता तुम्हारी धोखेबाजी का शिकार नहीं होने वाली है.
ओवैसी ने लखनऊ में और क्या-क्या कहा?
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि आज ही के दिन, इस देश ने बाबासाहेब अंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान को अपनाया था. मेरे प्यारे दोस्तों और बुजुर्गों, यह कोई इत्तेफ़ाक नहीं था. हमारे बुजुर्गों ने, खासकर बाबासाहेब अंबेडकर ने, इस देश को ‘हिंदू राष्ट्र’ बनने से रोका. जो लोग इस देश को उस दिशा में ले जाना चाहते थे, बाबासाहेब अंबेडकर की वजह से उनके सपने टूट गए. जो लोग छुआछूत को बनाए रखना चाहते थे, उनसे बाबासाहेब अंबेडकर ने कहा कि हम इसे खत्म कर देंगे.
SIR संविधान को कमजोर करने का तरीका- ओवैसी
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “SIR (एसआईआर) संविधान को कमजोर करने का एक और तरीका है. मैं आपको बताना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदर्भ में, मुझे पूरा यकीन है कि ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन के साथ ही ‘बाबा’ के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं. जनवरी या फरवरी में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी.
आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मतदाता सूची से हमारे 1 करोड़ से अधिक हिंदू भाई-बहनों के नाम हटा दिए गए हैं. जब उनसे पूछा गया कि उन्हें यह कैसे पता चला, तो उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें AI (एआई) के जरिए पता चला. तो, इसका मतलब है कि मुख्यमंत्री एक वैज्ञानिक हैं! आखिर उन्होंने ऐसा कैसे कर लिया? वोट डालने से पहले हमें इन सब बातों पर जरूर विचार करना चाहिए. चंद्रशेखर आज़ाद और हमारी पार्टी के सदस्य तब तक चुप नहीं बैठेंगे, जब तक उत्तर प्रदेश के गरीबों, कमजोरों और पीड़ितों को न्याय नहीं मिल जाता.”
