Uttar Pradesh Election 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की बिसात बिछाना शुरू हो गई है. तमाम राजनीतिक दल अपने कोर वोटरों के साथ-साथ उन वोटों पर भी नजर रख रही हैं, जो अब तक उनसे छिटके हुए थे. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. यही वजह है कि इस बार पार्टी का खास ध्यान अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अति पिछड़ी जातियों के वोटरों पर है.
भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए खास रणनीति बनाई है. इसके जरिए पार्टी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले को चुनौती देने की तैयारी में है. पार्टी का टारगेट अलग-अलग पिछड़ी जातियों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाना और उन्हें अपने पक्ष में जोड़ना है.
हर सीट पर बीजेपी उतारेगी अपनी कार्यकर्ताओं की फौज
बीजेपी ने अपने नए अभियान को ‘प्लान 403’ नाम दिया है. इसके तहत पार्टी की ओर से करीब 4 लाख 3 हजार OBC कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है. इन कार्यकर्ताओं के जरिए हर विधानसभा क्षेत्र में पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी.
पार्टी का जोर बूथ स्तर पर काम करने और स्थानीय जातीय समीकरणों को समझने पर है. बीजेपी मानती है कि अगर इन वर्गों को साधने में वह कामयाब रहती है तो चुनाव में उनको खासा फायदा मिल सकता है. इसी रणनीति के तहत पार्टी परिवारवाद के मुद्दे पर भी समाजवादी पार्टी को घेरने की तैयारी कर रही है.
कुर्मी समाज को लेकर क्या है प्लान
बीजेपी पिछड़े वर्ग के प्रमुख समुदायों को जोड़ने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत को भी आगे बढ़ाएगी. यही वजह है कि पार्टी 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर सभी बूथों पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है. इसके अलावा, प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों और 1,918 मंडलों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे.इन कार्यक्रमों के जरिए कुर्मी, पटेल और गंगवार समाज के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश होगी.
यादव वोटरों को साधने के लिए खास प्लान
बीजेपी की रणनीति का एक अहम हिस्सा यादव समाज तक पहुंच बनाना भी है. इसके लिए पार्टी ‘अबकी बार बांके बिहारी’ का नारा लेकर आगे बढ़ने की तैयारी में है. मथुरा और बांके बिहारी से जुड़े सांस्कृतिक प्रतीकों के जरिए यादव समुदाय को जोड़ने की कोशिश की जाएगी.
ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले सीएम योगी का बड़ा ऐलान, प्रदेश के 1.21 करोड़ लोगों की बढ़ेगी 50 प्रतिशत पेंशन
