Foreign Students In US: अमेरिका में पढ़ाई करने का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है. कभी विदेशी एजुकेशन के लिए भारतीय छात्रों की पहली पसंद रहने वाले अमेरिका हुआ करता था. लेकिन अब एडमिशन को लेकर रुझान बदलता दिखाई दे रहा है. नए आंकड़ों के मुताबिक, 2025-26 के शैक्षणिक सत्र में अमेरिकी यूनिवर्सिटीज में भारतीय छात्रों की संख्या 6 फीसदी कम होकर 3 लाख 39 हजार 435 रह गई. वहीं, चीन से आने वाले छात्रों की संख्या में भी 4 फीसदी की गिरावट आई है. यह घटकर 2 लाख 54 हजार 458 हो गई है.
इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन (IIE) की 16 नवंबर को जारी ओपन डोर्स 2026 रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में विदेशी छात्रों की कुल संख्या भी 3 फीसदी घटकर 11 लाख 46 हजार 163 रह गई.
सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि नए विदेशी छात्रों के दाखिलों में 18 फीसदी की गिरावट आई है. इस दौरान 2 लाख 28 हजार 123 नए अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने अमेरिकी संस्थानों में एडमिशन लिया.
मास्टर डिग्री लेने वालों की संख्या में बड़ी गिरावट
भारतीय छात्रों की संख्या में कमी का सबसे बड़ा असर पोस्ट ग्रेजुएशन यानी मास्टर डिग्री के एडमिशन पर पड़ा है. अमेरिका में भारतीय ग्रेजुएट छात्रों की संख्या 34 फीसदी घटकर 1 लाख 16 हजार 609 रह गई. वहीं, अंडरग्रेजुएट छात्रों की संख्या में सिर्फ 1 फीसदी की कमी आई और यह 39 हजार 711 रही.
एक्सपर्ट की मानें तो इसके पीछे कई वजहें हैं. अमेरिका में वीजा को लेकर अनिश्चितता सबसे बड़ा कारण हो सकती है. पढ़ाई का बढ़ता खर्च और डिग्री पूरी करने के बाद नौकरी मिलने की चिंता छात्रों के फैसले को प्रभावित कर रही है.
नौकरी करने वाले भारतीय छात्रों की संख्या बढ़ी
हालांकि, अमेरिका में ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT) के तहत काम कर रहे भारतीयों की संख्या 27 फीसदी बढ़कर 1 लाख 82 हजार 201 हो गई. यह अमेरिका में गिने गए कुल भारतीय छात्रों के आधे से ज्यादा हैं.
