Women’s Day 2025: बैगनी रंग क्यों है महिला दिवस का प्रतीक?
हैप्पी वुमेंस डे
Women’s Day 2025: हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है. यह दिन महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और सफलता को समर्पित है. इस दिन का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ना और समानता स्थापित करना है. लेकिन क्या कभी आपने गौर किया है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन चारों ओर बैंगनी रंग ज्यादा देखने को मिलता है. पोस्टर्स-बैनर्स के साथ-साथ इस दिन महिलाएं भी पर्पल रंग के कपड़े में नजर आती हैं. दरअसल, बैंगनी रंग अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का प्रतीकात्मक रंग है.
बैंगनी रंग को ‘नारीवाद का रंग ’ क्यों माना जाता है?
बैंगनी रंग अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का प्रतीकात्मक रंग है. इस रंग का प्रतीकात्मक अर्थ गहरा है. यह न्याय, गरिमा और लैंगिक समानता के प्रति वफादारी का प्रतिनिधित्व करता है. यह रंग दूरदर्शी सोच का भी प्रतीक है और इसे अक्सर महिला सशक्तिकरण से जोड़ा जाता है.
बैंगनी रंग को ऐतिहासिक महत्व
ऐतिहासिक रूप से बैंगनी रंग महिलाओं के संघर्ष और समानता की ओर बढ़ने के प्रतीक के रूप में उभरा है. 1908 में जब न्यूयॉर्क शहर में महिलाओं ने मताधिकार और बेहतर कार्य परिस्थितियों के लिए संघर्ष किया था, तो उन्होंने बैंगनी रंग का उपयोग किया था. तब से बैंगनी रंग महिला सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रतीक बन गया.
बैंगनी रंग का सांस्कृतिक इतिहास
बैंगनी रंग का अपना सांस्कृतिक इतिहास है. यह रंग रॉयल्टी, लक्जरी, और महत्वाकांक्षा से जुड़ा है. ऐसा इसलिए है क्योंकि ऐतिहासिक रूप से बैंगनी रंग महंगा था और इसे बनाना मुश्किल था. यह रंग मुख्य रूप से राजघरानों और अमीरों से संबंधित रंग बन गया. परिणाम स्वरूप यह रंग शक्ति और स्थिति का प्रतीक बन गया. बैंगनी रंग को फेमिनिस्ट मूवमेंट्स द्वारा अपनाया गया है. इस रंग का प्रयोग महिलाओं ने अपनी शक्ति और महत्वाकांक्षा का प्रदर्शन करने के लिए किया गया है.
ये भी पढ़ें-इस साल वूमेंस डे में क्या है खास और किस थीम के साथ मनाया जाएगा; जानिए इसका महत्व
जेंडर इक्विलिटी के प्रतीकात्मक रंग के रूप में पहचान
बैंगनी वह रंग है, जो गुलाबी और नीले रंग को मिलाने पर बनता है. दूसरे शब्दों में गुलाबी स्त्री ऊर्जा का प्रतिनिधित्व करने वाला रंग है, जबकि नीला पुरुष ऊर्जा के लिए इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में बैंगनी रंग का इस्तेमाल समानता को व्यक्त करने के लिए भी किया जाता है. अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन बैंगनी रंग का उपयोग करने से हम उन महिलाओं को सम्मानित करते हैं, जिन्होंने हमसे पहले जेंडर इक्वलिटी के लिए लड़ाई लड़ी थी और आने वाली पीढ़ी को भी इस लड़ाई को जारी रखने के लिए प्रेरित करती हैं.