Pariksha Pe Charcha 2026: स्किल या मार्क्स…छात्रों के भविष्य के लिए क्या है ज्यादा जरूरी? जानिए पीएम मोदी ने क्या कहा
परीक्षा पे चर्चा 2026
Pariksha Pe Charcha 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘परीक्षा पे चर्चा’ के 9वें सीजन को संबोधित किया. इस चर्चा में देशभर के तमाम छात्र टीवी और मोबाइल के माध्यम से उनकी बातों को बड़े ध्यान से सुन रहे थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से पढ़ाई से लेकर अनुशासन तक हर जरूरी बिंदु पर बात कर रहे थे. इसी बीच छात्रों से संवाद के दौरान नरेंद्र मोदी ने एक ऐसे विषय पर चर्चा की जिसे लेकर आज का युवा काफी ज्यादा चिंतित रहता है. चर्चा के दौरान मोदी ने स्किल और मार्क्स को लेकर छात्रों और युवाओं को बड़ी सलाह दी है.
दो तरह की होती हैं स्किल: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 9 सालों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. हर साल वह कार्यक्रम के दौरान देश के लाखों-करोड़ों विद्यार्थियों को उनके भविष्य को लेकर कुछ जरूरी सलाह देते हैं. आज संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने बताया कि स्किल्स दो तरह की होती हैं. पहली ‘लाइफ स्किल’ और दूसरी ‘प्रोफेशनल स्किल’. इन दोनों पर ध्यान देना और अनुशासन के साथ इनका पालन करना बहुत जरूरी है, खासकर युवाओं और छात्रों के लिए.
संवाद के दौरान पीएम मोदी ने छात्रों से क्या कहा?
- आगे उन्होंने बताया कि स्किल की शुरुआत तो ज्ञान से ही होती है, लेकिन लाइफ स्किल का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है.
- पीएम मोदी ने सलाह दी कि सोने, उठने और एक्सरसाइज के समय का पालन करना चाहिए. क्योंकि इसी से लाइफ स्किल की नींव मजबूत होती है.
- आगे उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि प्रोफेशनल स्किल के साथ-साथ आपको लाइफ स्किल पर भी फोकस करना होगा.
- हर स्किल को निखारना और अपनी कमियों को सुधारते रहना चाहिए. उन्होंने जोर दिया कि हर चीज में संतुलन बनाना बहुत जरूरी है, क्योंकि यही स्किल्स आपको सफलता की सीढ़ी की ओर ले जाते हैं.
स्किल या मार्क्स… क्या है ज्यादा जरूरी?
‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान सभावत वेंकटेशन ने प्रधानमंत्री से सवाल किया. उन्होंने कहा, “सर मुझे टेक्नोलॉजी और रोबोटिक्स में काफी दिलचस्पी है. आप कह रहे हैं कि स्किल ज्यादा जरूरी है, लेकिन बाहर के लोग कहते हैं कि मार्क्स स्किल से ज्यादा जरूरी हैं. ऐसे में स्किल जरूरी है या मार्क्स? यह सोचकर हमारे अंदर डर बैठ जाता है और हम चिंतित हो जाते हैं. अब आप ही बताइए कि इन दोनों में सबसे ज्यादा जरूरी क्या है?” छात्र के इस प्रश्न का उत्तर देते हुए पीएम मोदी ने सलाह दी कि हर चीज में संतुलन बनाए रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि जीवन में बैलेंस होना बहुत जरूरी है. अगर आप एक तरफ झुकेंगे तो गिरेंगे ही.’
लाइफ में बैलेंस रखना बहुत जरूरी: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने विद्यार्थियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि भविष्य के लिए स्किल बहुत महत्वपूर्ण है. वहीं मार्क्स को भी पूरी तरह से नकारा नहीं जा सकता. केवल स्किल्स पर ध्यान केंद्रित कर पढ़ाई को नजरअंदाज करना सही नहीं है. इसलिए सफलता के लिए दोनों में संतुलन बनाए रखना बहुत जरूरी है.