CG News: पाकिस्तान से बिलासपुर में हेराइन की सप्लाई, बॉर्डर पास से पकड़ाया मुख्य आरोपी, ड्रोन से पंजाब आती थी खेप
हेराइन की सप्लाई के आरोपी
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 34 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने पंजाब के तरनतारन जिले से इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है. जिस गांव से आरोपी को पकड़ा गया, वह भारत-पाक सीमा से महज करीब 200 मीटर दूर स्थित बताया जा रहा है.
पाकिस्तान से ड्रोन से पंजाब में गिराए जाते हैं नशीले पदार्थ
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में नशीले पदार्थ गिराए जाते हैं और वहां से इन्हें अलग-अलग राज्यों में भेजा जाता है. आशंका है कि इसी सप्लाई चेन के जरिए हेरोइन बिलासपुर तक पहुंच रही थी. फिलहाल आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिलासपुर लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश की जाएगी.
पुलिस और एसीसीयू ने 3 आरोपियों को पकड़ा
दरअसल, 1 फरवरी को चकरभाठा थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को पकड़ा गया था. इनके पास से कुल 34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी. गिरफ्तार आरोपियों में मोहित हिंदूजा, करन दीप सिंह और आर. रजिंदर कुमार शामिल हैं. पूछताछ में पता चला था कि करन दीप सिंह दूसरे राज्य से हेरोइन लाकर मोहित को देता था, जो अपने साथी रजिंदर के साथ मिलकर इसे ऊंचे दामों पर बेचता था. तीनों को जेल भेजने के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की थी.
आरोपी को एनडीपीएस कोर्ट में करेंगे पेश
जांच के दौरान पुलिस को सप्लाई चेन से जुड़े अहम सुराग मिले, जिसके बाद टीम पंजाब के तरनतारन जिले पहुंची. वहां खेमकरण थाना क्षेत्र से मुख्य तस्कर बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे को गिरफ्तार किया गया. पुलिस उसे ट्रेन से बिलासपुर लेकर आ रही है और एनडीपीएस कोर्ट में पेश करेगी. होली से पहले पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष सतर्कता बढ़ा दी है. शराब और गांजा के साथ-साथ हेरोइन और सिंथेटिक ड्रग्स जैसे सूखे नशे पर भी नजर रखी जा रही है. आशंका है कि त्योहार के दौरान शहर में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप खपाने की कोशिश हो सकती है, इसलिए पुलिस लगातार निगरानी और पूछताछ अभियान चला रही है.
पूछताछ में पंजाब कनेक्शन आया सामने
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह के मुताबिक शुरुआती कार्रवाई में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ से पंजाब कनेक्शन सामने आया. उसी आधार पर मुख्य सप्लायर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अलग-अलग इलाकों से कई आरोपी गिरफ्तार, 35 लाख से अधिक का माल जब्त