Indian Railways Rules: ट्रेन में ये सामान ले गए तो हो सकती है जेल, जानिए भारतीय रेलवे के सख्त नियम
ट्रेन
Indian Railways Rules: होली का त्योहार नजदीक है और ऐसे में लोग अपने घर जाने के लिए टिकट बुक कर रहे हैं. देश भर में रोजाना लाखों-करोड़ों लोग ट्रेन से यात्रा करते हैं, लेकिन कुछ लोगों को रेलवे द्वारा बनाए गए नियमों के बारे में पता नहीं होता. अक्सर यात्री ट्रेन में सफर के दौरान अपने साथ ऐसी चीजें ले जाते हैं जो पूर्णतः प्रतिबंधित होती हैं. अगर आप इन सामानों के साथ ट्रेन में यात्रा करते हुए पकड़े जाते हैं, तो घर जाने के बजाय सलाखों के पीछे जाना पड़ सकता है. ऐसे में आपके लिए यह जानना जरूरी है कि ट्रेन में यात्रा करते समय किन चीजों को साथ नहीं ले जाना चाहिए.
इलेक्ट्रिक स्टोव
ट्रेन में इलेक्ट्रिक चूल्हा या स्टोव जलाना पूरी तरह मना है. ये उपकरण बहुत ज्यादा गर्मी पैदा करते हैं, जिससे ट्रेन के डिब्बे में आग लगने का गंभीर खतरा हो सकता है.
रॉड हीटर
सफर के दौरान पानी गर्म करने वाली रॉड या हीटर का इस्तेमाल करना भी वर्जित है. ये चीजें न केवल बिजली का भारी लोड बढ़ाती हैं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद खतरनाक मानी जाती हैं.
इंडक्शन
ट्रेन के सॉकेट में इंडक्शन लगाकर खाना बनाना नियमों के खिलाफ है. इनमें बिजली का बहाव बहुत तेज होता है, जिससे ट्रेन की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने या आग लगने की आशंका बनी रहती है.
इलेक्ट्रिक केतली
चाय या पानी उबालने के लिए इलेक्ट्रिक केतली का उपयोग करना भी प्रतिबंधित है. ज्यादा हीट और हाई वोल्टेज के कारण इसके इस्तेमाल से शॉर्ट सर्किट जैसी समस्या हो सकती है, जो यात्रियों की जान जोखिम में डाल सकती है.
क्या सजा होगी?
रेलवे के नियमों (Railways Act 1989) के तहत ट्रेन में ऐसे ज्वलनशील या बिजली वाले उपकरण चलाने पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना या 3 साल तक की जेल या दोनों हो सकती है.
ये उपकरण क्यों प्रतिबंधित हैं?
ट्रेन में ज्वलनशील यानी आग पकड़ने वाली चीजों के साथ इन उपकरणों का इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि इनसे पैदा होने वाली गर्मी से आग लगने या बड़ी दुर्घटना होने का डर रहता है. यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा के लिए रेलवे ने इनके इस्तेमाल पर रोक लगा रखी है. अगर कोई इन नियमों को तोड़ता है, तो उसे जुर्माना भरना पड़ सकता है या उस पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है. सुरक्षित सफर के लिए यात्रियों को इन नियमों का पालन जरूर करना चाहिए.