Mauganj: BJP युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ई-रिक्शा से पहुंचे कार्यालय, युवाओं ने किया भव्य स्वागत

Mauganj: मऊगंज जिले में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जोरदार स्वागत किया.
Mauganj News

BJP युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर

Mauganj: मऊगंज जिले में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जोरदार स्वागत किया. मऊगंज स्थित भाजपा जिला कार्यालय में उनके पहुंचते ही फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन किया. पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यालय युवाओं के उत्साह और नारों से गूंजता रहा.

ई-रिक्शा से पहुंचे, सादगी बनी चर्चा का विषय

प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर इस दौरान ई-रिक्शा में सवार होकर भाजपा कार्यालय पहुंचे. उनका यह सादगीभरा अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा. जैसे ही उनका ई-रिक्शा कार्यालय परिसर में पहुंचा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए उनका स्वागत किया. युवाओं में उनके साथ सेल्फी लेने और अभिवादन करने की होड़ दिखाई दी.

युवाओं को संगठन मजबूत करने का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्याम टेलर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं की ताकत से आगे बढ़ रही है और देश का युवा प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में नए भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है. उन्होंने युवाओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.

ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मीडिया से चर्चा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से अनावश्यक ईंधन खर्च कम करने की अपील की गई है. उसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने ई-रिक्शा से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने का निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है.

कांग्रेस पर साधा निशाना

पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर श्याम टेलर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार चुनावी हार से परेशान कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है. उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट कर चुकी है, लेकिन विपक्ष केवल राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है.

संगठन विस्तार को लेकर हुई चर्चा

कार्यक्रम के दौरान भाजपा संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर भी चर्चा की गई. पूरे दिन भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह का माहौल बना रहा.

ये भी पढे़ं: MP में काफिला निकालने पर BJP के 7 नेता तलब, PM की अपील के बाद संगठन और सरकार सख्त; प्रदेश अध्यक्ष के सामने देंगे जवाब

ज़रूर पढ़ें