बड़वानी में जलसंकट को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन, निकाली मटका फोड़ यात्रा, व्यवस्था सुधारने की मांग
बड़वानी में जलसंकट
Badwani/सचिन राठौड़: बड़वानी नगर पालिका में गंभीर जलसंकट को लेकर मंगलवार दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय वार्डवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया. भीषण गर्मी के बीच शहर के विभिन्न वार्डों में पानी की किल्लत के चलते यह प्रदर्शन आयोजित किया गया था. युवा कांग्रेस और पार्षदों के नेतृत्व में नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए गए.
प्रदर्शनकारियों ने कारंजा चौराहा से मटका फोड़ यात्रा निकाली, जिसमें विभिन्न वार्डों के लोग शामिल हुए. महिलाएं सिर पर मटके रखकर नारेबाजी करती हुई नगर पालिका पहुंचीं. यहां पहुंचकर कांग्रेसियों और लोगों ने जमकर नारेबाजी की और ‘नगर पालिका हाय-हाय’, ‘जल वितरण व्यवस्था दुरुस्त करो, नहीं तो इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए.
सीएमओ व जल वितरण प्रभारी से सवाल-जवाब
करीब आधे घंटे तक नगर पालिका परिसर में कांग्रेसियों और महिलाओं ने सीएमओ व जल वितरण प्रभारी से सवाल-जवाब किए. महिलाओं ने अधिकारियों के समक्ष मटके सिर पर उठाकर अपनी समस्या से अवगत कराया. इस दौरान पूर्व पार्षद रेखा बनडे ने सीएमओ को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी.
सीएमओ से चर्चा के दौरान काफी हंगामा और नारेबाजी हुई. विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनडे ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से पानी की कमी चल रही है, जिससे लोग दैनिक जरूरतों के लिए भी पानी को तरस रहे हैं.
उन्होंने बताया कि बड़वानी में दो फिल्टर पंप और पर्याप्त पानी की व्यवस्था होने के बावजूद शहर में पानी नहीं मिल रहा है. बनडे ने आरोप लगाया कि सीएमओ और नगर पालिका जल समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं.
नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा ने बताया
नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा ने बताया कि 33 के.वी. विद्युत लाइन में आई तकनीकी खराबी के कारण नवीन फिल्टर प्लांट की विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से नगर के कुछ वार्डों में जलप्रदाय व्यवस्था बाधित हो गई थी.
इस संबंध में नगरपालिका परिषद बड़वानी द्वारा सतत प्रयास करते हुए संबंधित तकनीकी समस्या का निराकरण कर लिया गया है. जलापूर्ति व्यवस्था पूर्ण रूप से पुनः सुचारू कर दी गई है. जिन वार्डों में जलप्रदाय प्रभावित था, उन समस्त वार्डों में सफलतापूर्वक पेयजल वितरण किया जा चुका है. साथ ही नगर का बड़ा जोन भी पुनः प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो रही है.