FIFA वर्ल्ड कप में वायरल हुआ वैभव सूर्यवंशी का पुराना रिएक्शन, साउथ अफ्रीकी प्लेयर ने कराया ट्रेंड
Khulis Mudau or Vaibhav Sooryavanshi
FIFA WC 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच जारी है. इस टूर्नामेंट के पहले मैच में मेजबान मैक्सिको ने साउथ अफ्रीका को 2-0 से हरा दिया. हालांकि इस दौरान मैदान पर भारी बवाल देखने को मिला, जिसके कारण तीन खिलाड़ियों को रेड कार्ड मिला. इन सबसे बीच मैच में एक ऐसी चीज हुई, जिसकी वजह से भारतीय क्रिकेट की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ट्रेंड करने लगे हैं. वैभव के सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने के पीछे एक साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी रहे.
FIFA WC 2026 के दौरान वैभव का पुराना रिएक्शन वायरल
दरअसल फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच के 84 वें मुकाबले में जब रेफरी विल्टन सम्पायो असिस्टेंट रेफरी से बातचीत कर रहे थे. उसी वक्त साउथ अफ्रीका के डिफेंडर खुलिसो मुदाऊ वहां पर खड़े होकर उन्हें सुन रहे थे. इस दौरान कैमरे ने उन पर फोकस किया तो खुलिसो मुदाऊ बेहद हैरान और परेशान नजर आ रहे थे. स्क्रीन पर फैंस ने जैसे ही मुदाऊ का यह रिएक्शन देखा, तो भारतीय फैंस को इमर्जिंग एशिया कप के दौरान वैभव सूर्यवंशी का रिएक्शन याद आ गया. सोशल मीडिया पर इन दोनों खिलाड़ियों के रिएक्शन को लेकर चर्चा तेज हो गई है. वैभव सूर्यवंशी का क्रेज इसके साथ और भी बढ़ता जा रहा है.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के बाद उनके छोटे भाई आशीर्वाद ने उड़ाया गर्दा, सिर्फ इतनी गेंदों में जड़ा शतक
वैभव सूर्यवंशी ने क्यों दिया था रिएक्शन?
बता दें, इमर्जिंग एशिया कप में भारत ए और पाकिस्तान ए के बीच एक मुकाबला खेला गया था. इस मैच के 10वें ओवर में सुयश शर्मा गेंदबाजी कर रहे थे. इस ओवर की पहली ही गेंद पर माज सदाकत ने बड़ा शॉट लगाया, जिसे नमन धीर ने कैच लपक लिया. इसके बाद भारतीय खिलाड़ी बल्लेबाज के आउट का जश्न मनाने लगे थे.
हालांकि तभी अंपायर के फैसले ने उलझन पैदा कर दी. इस दौरान भारतीय कप्तान जीतेश शर्मा अंपायर से बहस कर रहे थे, तभी कैमरों ने पास में खड़े 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर जूम इन किया, तो वो बिल्कुल हैरान करने वाला चेहरा बनाए हुए थे. वैभव का यह रिएक्शन उस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था और उनका यह रिएक्शन मीम्स में बदल गया था.