‘बना वीडियो, गोली मार दूंगा…’, उज्जैन में पिस्टल तानकर कांग्रेस नेता ने धमकाया- चले जाओ नहीं तो खत्म कर दूंगा
उज्जैन में कांग्रेस नेता ने खुलेआम पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी.
Ujjain News: उज्जैन में कांग्रेस नेता के पिस्टल निकालकर दबंगई करने का मामला सामने आया है. महिदपुर रोड थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता प्रताप सिंह गुर पर किसान परिवार ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. घटना का कथित वीडियो भी सामने आया है. इसमें कांग्रेस नेता पिस्टल निकालकर गाली गलौज करते और धमकाते नजर आ रहे हैं.
‘वीडियो बना, तुझे गोली मार दूंगा’
पूरा मामला महिदपुर रोड थाना क्षेत्र के डेलची बुजुर्ग गांव का है. यहां शिकायतकर्ता राकेश सेन ने पुलिस को बताया कि 18 जून की शाम वह अपने भाई गोविंद सेन के साथ खेत पर मौजूद थे. इसी दौरान प्रताप सिंह गुर अपने कुछ सहयोगियों के साथ वहां पहुंचे और जेसीबी मशीन से जमीन की खुदाई शुरू करा दी. विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इसी दौरान प्रताप सिंह गुर ने पिस्टल निकालकर परिवार की ओर तानते हुए जान से मारने की धमकी दी. हंगामे की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए. कथित वायरल वीडियो में कांग्रेस नेता ने वीडियो बनाने वाले को गाली दी और जान से मारने की धमकी दी.
जमीन पर खुदाई करके कब्जे की कोशिश की
पीड़ित परिवार का कहना है कि विवादित भूमि की राजस्व विभाग द्वारा पहले ही पैमाइश कर दोनों पक्षों की सीमाएं तय की जा चुकी हैं. इसके बावजूद उनकी जमीन पर जबरन खुदाई कर अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया. महिदपुर रोड थाना प्रभारी रामसिंह बामोर ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर प्रताप सिंह गुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी.
ये भी पढे़ं: पन्ना में एक और मजदूर की किस्मत चमकी! 30 लाख की कीमत का हीरा मिला