Bhopal-Noida Flight: भोपाल से नोएडा की नियमित सीधी उड़ान शुरू, जानें क्या है किराया और टाइमिंग
भोपाल-नोएडा सीधी उड़ान शुरू
Bhopal-Noida Flight: भोपाल के यात्रियों के लिए खुशखबरी है. भोपाल से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी और नियमित उड़ान बुधवार को शुरू हो चुकी है. यात्री लंबे समय से इस उड़ान के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे. इस उड़ान के शुरू होने से न सिर्फ नोएडा बल्कि दिल्ली एनसीआर के कई शहरों के यात्रियों को राहत मिलेगी. दिल्ली एयरपोर्ट पर हवाई ट्रैफिक कम हो सकता है. हालांकि पहले दिन नोएडा से केवल 9 ही यात्री भोपाल पुहंचे वहीं भोपाल से 36 यात्री नोएडा के लिए रवाना हुए.
वाटर सैल्यूट से हुआ स्वागत
इस रूट पर पहली सीधी और नियमित उड़ान इंडिगो एयरलाइंस ने शुरू की है. कंपनी की पहली उड़ान संख्या 6-ई 7653 बुधवार को निर्धारित समय शाम 6.50 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड हुई. एयरपोर्ट अथारिटी ने नए शहर तक हवाई कनेक्शन जुड़ने पर वाटर सैल्यूट से विमान का स्वागत किया. बता दें कि इंडिगो इस रूट पर 72 सीटों वाला विमान चला रही है.
फ्लाइट की टाइमिंग
सीधी उड़ान शुरू होने से दिल्ली एनसीआर में आने वाले गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, गुरूग्राम, मेरठ एवं बुलंदशहर आदि जाने वाले हवाई यात्रियों को सुविधा होगी. फ्लाइट के शेड्यूल की बात करें तो विमान शाम 5:20 बजे नोएडा से रवाना होगा. यह 6:50 बजे भोपाल पहुंचेगा. इसके बाद यह 7:10 बजे भोपाल से उड़ान भरेगा और रात 9:25 बजे नोएडा के जेवर एयरपोर्ट पहुंचेगा.
कितना होगा किराया?
किराये की बात करें तो विभिन्न ट्रेवल वेबसाइटों के अनुसार भोपाल से जवेर टिकट की शुरुआती कीमत लगभग ₹9,168 के आसपास है. हालांकि यह किराया यात्रा की तारीख, बुकिंग के समय और उपलब्धता के आधार पर अलग-अलग हो सकता है.
ये भी पढ़ें: MP News: उफनते नदी-नालों के बीच जान हथेली पर रखकर ग्रामीण कर रहे सफर, स्कूल पहुंचने के लिए मौत का जोखिम उठा रहे बच्चे