धार में स्थानीय लोगों ने अवैध शराब पकड़ी, घंटों इंतजार के बाद भी आबकारी टीम नहीं पहुंची; मीडिया के बाद आई पुलिस
धार में स्थानीय लोगों के अवैध शराब पकड़ने के बाद पहुंची आबकारी टीम.
Input- जफर अली
MP News: धार जिले में आबकारी विभाग की लापरवाही एक बार फिर देखने को मिली. धरमपुरी में स्थानीय लोगों ने अवैध शराब से भरी एक कार जिसमें 14 पेटी अवैध शराब दो आरोपियों समेत पकड़ लिया. सूचना आबकारी विभाग को दी गई, लेकिन अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे.
घंटों इंतजार करते रहे स्थानीय लोग
मामला खलघाट-मनावर मार्ग का है. स्थानीय लोगों और ठेकेदार के कर्मचारियों ने अवैध शराब से भरे वाहन को पकड़कर घंटों तक सड़क किनारे खड़ा रखा. नवागत आबकारी अधिकारी अविनाश भूरिया मुख्यालय से गायब रहे.
लंबे समय तक लोग इंतजार करते रहे. ना आबकारी की टीम आई, ना कोई जवाब मिला. आखिरकार मीडिया के हस्तक्षेप के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और कार्रवाई शुरू की.
सवालों के घेरे में आबकारी विभाग
इस घटना से साफ है कि अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग कितना गंभीर है. जब स्थानीय लोग खुद कार्रवाई कर रहे हैं, तब विभाग के अधिकारी नदारद हैं. वहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं. बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों के शराब पकड़ने के बाद मीडिया पहुंच गई थी, लेकिन पुलिस तब तक नहीं पहुंची थी.
अब देखना होगा कि आबकारी विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और अधिकारी अविनाश भूरिया की गैरमौजूदगी पर क्या जवाब देता है.