बम धमाके जैसी आवाज और फिर कांपी धरती… कोलंबिया में 7.4 के भूकंप से भारी तबाही, 132 लोगों की मौत

Colombia earthquake: कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से भारी तबाही मची है. अब तक 132 लोगों की मौत और 570 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है.

Colombia Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार सुबह आए भूकंप ने हर किसी को डरा द‍िया है. यहां तड़के सुबह 7.4 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है. ताजा रिपोर्टों के मुताबिक भूकंप में अब तक 132 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि, करीब 570 लोग घायल हुए हैं. कई इलाकों में इमारतों के मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका है. बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है. ऐसा माना जा रहा है कि अभी मरने वालों की संख्‍या आगे और भी बढ़ सकती है.

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक भूकंप 10 अगस्त 2026 को सुबह 7:34 बजे स्थानीय समय पर आया था. इसका केंद्र कोलंबिया के चोको प्रांत में सैन जोस डेल पालमार से करीब 5 किलोमीटर पूर्व था. इसे कोलंबिया में 21वीं सदी का सबसे शक्तिशाली भूकंप बताया जा रहा है.

इमारतों से लेकर अस्पताल और स्कूल तक नुकसान

भूकंप का सबसे ज्यादा असर चोको और देश के कॉफी उत्पादक इलाकों में दिखाई दिया है. अब तक के ताजा सरकारी आंकड़ों के अनुसार 1,577 रहवासी इमारतें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं और इनमें से 37 पूरी तरह नष्ट हो गईं. कई इमारतों का आगे का हिस्‍सा तो कई इमारतों का पीछे का हिस्‍सा पूरी तरह से गायब हो गया है. इसके अलावा 60 से ज्यादा व्यावसायिक इमारतें ढह गईं, जबकि 18 स्वास्थ्य केंद्र और 52 स्कूल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं.

पेरेइरा में सबसे ज्यादा 60 मौतें हुई हैं. यहां माटेकाना एयरपोर्ट का एक हिस्सा भी गिर गया. नुकसान के कारण पेरेइरा, मनिजालेस, आर्मेनिया, किब्दो, कार्तागो और बुएनावेंचुरा समेत छह प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानें रोक दी गईं.

पड़ोसी देशों तक महसूस हुए झटके

भूकंप के तेज झटके कोलंबिया के अलावा वेनेजुएला, इक्वाडोर और पनामा तक महसूस किए गए. कई जगह लोगों में दहशत फैल गई. झटकों के तुरंत बाद ही लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए. प्रत्यक्षदर्शियों ने इमारतें गिरने के दौरान तेज आवाज आने की बात कही है. कई लोगों ने ये भी भूकंप की आवाज बम जैसी थी.

कोलंबिया सरकार ने राष्ट्रीय आपदा की स्थिति घोषित कर दी है. राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है. इक्वाडोर समेत कई देशों ने बचावकर्मी और जरूरी उपकरण भेजने की पेशकश की है.

ये भी पढ़ें:अडानी के खिलाफ अमेरिकी केस पर लगा ब्रेक, रिश्वतखोरी के आरोपों से मिली कानूनी राहत

ज़रूर पढ़ें