महिला अधिकारी से अभद्रता, रायपुर के कांग्रेसी पार्षद पर FIR दर्ज
क्राइम न्यूज
रायपुर. नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक-8 की जोन आयुक्त ने कांग्रेसी पार्षद संदीप साहू पर फोन पर अभद्रता, अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिकायत के मुताबिक घटना अगस्त 2026 की है. जोन आयुक्त निगम मुख्यालय के सभाकक्ष में विज्ञापन संबंधी प्रशिक्षण में मौजूद थीं. इसी दौरान वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक-7 के पार्षद संदीप साहू के मोबाइल नंबर से उनके निजी मोबाइल पर फोन आया. बातचीत के दौरान पार्षद ने वार्ड के सफाई ठेकेदार के कर्मचारियों के भुगतान के संबंध में जानकारी मांगी.
जोन आयुक्त ने बताया कि सफाई कर्मचारियों का भुगतान वास्तविक उपस्थिति के आधार पर किए जाने की बात कही गई. आरोप है कि पार्षद ने स्वीकृत 38 कर्मचारियों का प्रतिदिन भुगतान किए जाने की मांग की. इस पर असहमति जताने के बाद पार्षद ने उनके साथ महिलाओं के प्रति अपमानजनक और अश्लील गाली-गलौज की तथा जान से मारने और देख लेने की धमकी दी. शिकायत में जोन आयुक्त ने कहा कि घटना के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हैं और उन्हें स्वयं तथा अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा है. उन्होंने पुलिस से पार्षद के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है.