SL vs IND: कोलंबो में बदलेगी टीम इंडिया की प्लेइंग 11! कुलदीप यादव की जगह इस खिलाड़ी को मिलेगा मौका
कुलदीप यादव और सारांश जैन
Team India: भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा. पहले टेस्ट मैच में शानदार जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया कोलंबो में सीरीज को अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.
दूसरे टेस्ट से पहले भारतीय टीम के स्पिन कॉम्बिनेशन को लेकर चर्चा तेज हो गई है. माना जा रहा है कि कोलंबो टेस्ट में कुलदीप यादव की प्लेइंग 11 से छुट्टी हो सकती है, उनकी जगह सारांश जैन को डेब्यू का मौका मिल सकता है.
दूसरे टेस्ट से कुलदीप यादव की हो सकती है छुट्टी
टीम इंडिया के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे. पहले टेस्ट मैच में वह सिर्फ एक ही विकेट ले सके थे. श्रीलंका की पहली पारी में उन्होंने 14 ओवर में 65 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 11 ओवर गेंदबाजी की जिसमें उन्हें कोई सफलता नहीं मिली. इस प्रदर्शन के बाद माना जा रहा है कि दूसरे टेस्ट मैच में कप्तान शुभमन गिल उन्हें प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बनाएंगे.
यह भी पढ़ें: SL vs IND 2nd Test: कब और कहां खेला जाएगा भारत बनाम श्रीलंका दूसरा टेस्ट? जानें पूरी डिटेल्स
सारांश जैन को मिल सकता है मौका
कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट दूसरे टेस्ट मैच में कुलदीप यादव को बाहर बैठा सकता है. मैनेजमेंट उनकी जगह 33 साल के मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन को डेब्यू करने का मौका दे सकता है. रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि अगर कोलंबो की पिच स्पिन के लिए मददगार साबित होती है तो भारतीय टीम एक अतिरिक्त स्पिनर के साथ मैदान पर उतरने का विचार कर सकती है.
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
33 साल के ऑलराउंडर सारांश जैन का जन्म 31 मार्च 1993 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था. 2014 में उन्होंने टी20 क्रिकेट में डेब्यू किया था. सारांश ने 2021-22 रणजी ट्रॉफी के दौरान मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक खिताबी जीत के दौरान अपनी अलग पहचान बनाई थी. उन्होंने नॉकआउट राउंड में कुल 13 विकेट झटके थे.
इसके बाद 2022-23 के रणजी सीजन में उन्होंने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा. इस सीजन उन्होंने 360 रन बनाने के साथ 35 विकेट झटके. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें अमरनाथ अवॉर्ड भी गया. घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें भारतीय टीम में चयन के साथ मिला.