Ambikapur News: चरित्र शंका में पत्नी और युवक की फावड़े से हत्या, दोहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार
ambikapur news/ image source: vistaar news
Ambikapur News: अंबिकापुर: सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी और एक अन्य युवक की फावड़े से गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया फावड़ा और घटना के दौरान पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं.
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस के अनुसार घटना 17 अगस्त की शाम ग्राम बिसरपानी दारापारा में हुई. सोमारू मझवार के घर पर बेंजे बड़ा, उसकी पत्नी नईहारो मझवार और उसका पति बाबूलाल मझवार शराब के नशे में पहुंचे थे. तीनों आग ताप रहे थे. कुछ देर बाद उनके बीच विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मारपीट होने लगी. विवाद बढ़ता देख सोमारू मझवार दूसरे घर में चला गया. अगले दिन 18 अगस्त की सुबह जब वह वापस आया तो घर के अंदर बेंजे बड़ा और नईहारो मझवार मृत हालत में पड़े मिले. दोनों के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे और वे खून से लथपथ थे। वहीं, नईहारो का पति बाबूलाल मौके से फरार था.
चरित्र शंका पर की हत्या
घटना की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी बाबूलाल मझवार के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चरित्र शंका को लेकर पत्नी नईहारो मझवार और बेंजे बड़ा से विवाद होने के बाद फावड़े से हमला कर दोनों की हत्या करना स्वीकार किया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल फावड़ा और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं.
आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
पुलिस ने आरोपी बाबूलाल मझवार, उम्र 35 वर्ष, निवासी बिसरपानी तिलकपारा, थाना कमलेश्वरपुर को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 63/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
एसएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और सीतापुर एसडीओपी तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में कमलेश्वरपुर पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाई.
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति, सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ राम, सहायक उप निरीक्षक बबलू कुजूर, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक विकास मिश्रा, अशोक यादव, अर्जुन पैकरा और बरन सिंह की सक्रिय भूमिका रही.
ये भी पढ़ें: MP IAS Transfer: एमपी में 4 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर, भारती जाटव ओगरे उच्च शिक्षा विभाग की अपर सचिव बनीं