कौन हैं वसुंधरा यादव? रायपुर की शिक्षिका ने देश के 16 सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों में बनाई जगह
वसुंधरा यादव को मिला सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का सम्मान
Vasundhara Yadav Best Teacher Award: रायपुर की शिक्षिका वसुंधरा यादव ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है. उन्हें प्रतिष्ठित ‘India’s Best Teachers Award 2026’ से सम्मानित किया गया है. देशभर के चुने गए 16 बेहतरीन शिक्षकों में वसुंधरा यादव का भी चयन हुआ है. यह सम्मान उनके बेहतर शिक्षण, विद्यार्थियों के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए काम के लिए दिया गया है. आज प्रदेश के साथ-साथ पूरा देश उनका नाम बड़े ही गर्व से ले रहा है.
राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
वसुंधरा यादव को यह सम्मान शिव नादर फाउंडेशन और यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के सैद बिजनेस स्कूल की पहल के तहत दिया गया है. बता दें कि इस सम्मान के लिए देशभर से शिक्षकों का चयन किया गया था. इसमें जगह बनाकर वसुंधरा ने रायपुर के साथ पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है.
रायपुर के स्कूल में दे रहीं सेवाएं
वसुंधरा यादव वर्तमान में रायपुर के ब्राइटन इंटरनेशनल स्कूल में लॉ और सोशल साइंस की शिक्षिका हैं. वे लंबे समय से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उनके शैक्षणिक विकास पर काम कर रही हैं. उनके पढ़ाने के तरीके और विद्यार्थियों के अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है. उनके इसी समर्पण की वजह से आज देशभर में उनकी चर्चाएं हो रही हैं.
मुंबई यूनिवर्सिटी की गोल्ड मेडलिस्ट हैं वसुंधरा
बता दें कि वसुंधरा यादव पढ़ाई में भी शानदार उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं. वे मुंबई यूनिवर्सिटी की गोल्ड मेडलिस्ट हैं. उन्होंने एलएल.बी., एलएल.एम. और बी.एड. की पढ़ाई पूरी की है. लॉ और सोशल साइंस विषयों में उनके विद्यार्थियों का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है. बोर्ड परीक्षाओं में उनके विद्यार्थियों ने 98 से 99 प्रतिशत तक अंक हासिल किए हैं.
ऑक्सफोर्ड में मिलेगा प्रशिक्षण
इस सम्मान के साथ वसुंधरा यादव को ऑक्सफोर्ड में शैक्षणिक विकास कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा. इस कार्यक्रम के जरिए चयनि शिक्षकों को दुनिया में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और आधुनिक पढ़ाने के तरीकों को समझने का मौका मिलेगा.
छत्तीसगढ़ के लिए भी गर्व का पल
वसुंधरा यादव रायपुर के वल्लभ नगर, प्रियदर्शिनी कॉलोनी की रहने वाली हैं. वे लक्ष्मी यादव और डॉ. एन.पी. यादव की बेटी हैं. उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, स्कूल के शिक्षकों, विद्यार्थियों ने खुशी जताई है.