CG News: जांजगीर-चांपा में पिकनिक के दौरान बड़ा हादसा, हसदेव नदी में बह गए तीन छात्र, रेस्क्यू जारी
नदी में बहे 3 छात्र
CG News: जांजगीर-चांपा जिले में शुक्रवार को पिकनिक मनाने पहुंचे कॉलेज छात्रों के साथ बड़ा हादसा हो गया. बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राएं देवरी गांव पहुंचे थे. हसदेव नदी के किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का अचानक पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में जा गिरा.
उसे बचाने के लिए नदी में उतरे दो अन्य छात्र भी पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए. हादसे के बाद तीनों छात्र लापता हैं, जिनकी तलाश में पुलिस और नगर सैनिकों की गोताखोर टीम जुटी हुई है.
8 छात्र-छात्राएं पहुंचे थे देवरी गांव
पुलिस के मुताबिक, चौकसे कॉलेज में बी फार्मा प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले आठ छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच देवरी गांव पहुंचे थे. समूह में चार छात्राएं और चार छात्र शामिल थे. इसी दौरान मुरारी साहू (22), पवन लाल (22) और सचिन सिंह (23) हसदेव नदी के किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे.
सेल्फी के दौरान फिसला छात्र का पैर
इसी दौरान तीनों में से एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा. साथी को मुश्किल में देखकर दोनों अन्य छात्रों ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज धार के कारण वे भी संभल नहीं सके. देखते ही देखते तीनों छात्र पानी में बह गए और उनका कोई पता नहीं चल सका.
पुलिस और गोताखोरों ने शुरू की तलाश
हादसे की जानकारी मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस और गोताखोरों की टीम हसदेव नदी में तीनों छात्रों की तलाश कर रही है.
परिजनों को दी गई हादसे की सूचना
पुलिस ने हादसे की जानकारी तीनों छात्रों के परिजनों को दे दी है. बताया गया है कि मुरारी साहू, पवन लाल और सचिन सिंह अलग-अलग स्थानों के रहने वाले हैं. पुलिस और बचाव दल की तलाश लगातार जारी है.
ये भी पढे़ं- CG News: मैनपाट में घुनघुट्टा नदी का रौद्र रूप, कल बाइक समेत बहे थे स्टूडेंट्स, युवती बची, युवक का आज मिला शव