दिसंबर में अमेरिका जाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी? G20 में डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की तैयारी!

G20 Summit: दिसंबर में होने वाली G20 समिट में शामिल होने के लिए PM मोदी के अमेरिका दौरे की चर्चा तेज है. फ्लोरिडा में होने वाली बैठक के दौरान डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी द्विपक्षीय मुलाकात की भी संभावना जताई जा रही है.
PM Modi and President Trump.

PM मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप.

G20 Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो चली है. ऐसा कहा जा रहा है कि पीएम मोदी साल के अंत में एक बार फि‍र अमेरिका जा सकते हैं. फ्लोरिडा में होने वाली G20 समिट में शामिल होने के लिए वे अमेरिका जाएंगे. स दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक भी हो सकती है. हालांकि इसको लेकर अब तक भारत सरकार की ओर से अभी पीएम मोदी के अमेरिकी दौरे की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

दरअसल, इस साल G20 लीडर्स समिट का आयोजन 14 और 15 दिसंबर को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित ट्रंप नेशनल डोरल मियामी में होना है. इसकी मेजबानी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप करेंगे. अगर पीएम मोदी इस बैठक में हिस्सा लेते हैं तो यह फरवरी 2025 के बाद उनकी अगली अमेरिका यात्रा होगी।.

ट्रंप-मोदी की मुलाकात पर नजर

G20 सम्मेलन के दौरान दुनिया के कई बड़े नेताओं की मौजूदगी रहेगी. ऐसे में पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच अलग से बातचीत की संभावना जताई जा रही है. दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर पहले भी बातचीत होती रही है. जून 2026 में फ्रांस में हुए G7 शिखर सम्मेलन के दौरान भी मोदी और ट्रंप की मुलाकात हुई थी. उस बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा, रक्षा और तकनीक समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की थी.

अमेरिका में भारत के राजदूत सर्जियो गोर भी पहले कह चुके हैं कि G20 के दौरान पीएम मोदी और ट्रंप के बीच मुलाकात की उम्मीद है. उनके मुताबिक, दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्क आगे भी जारी रहने की संभावना है.

UNGA में मोदी नहीं जाएंगे

इस बीच न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा का 81वां सत्र चल रहा है. इस बार पीएम मोदी UNGA में शामिल नहीं हो रहे हैं. भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं और 26 सितंबर को महासभा के हाई-लेवल सेशन को संबोधित करेंगे.

अमेरिका दौरे के बाद पीएम मोदी के कनाडा जाने की भी संभावना जताई जा रही है. कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी दिसंबर में पीएम मोदी की संभावित यात्रा का जिक्र किया है. हालांकि, दोनों यात्राओं का  कार्यक्रम भारत सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा.

ये भी पढ़ें:जम्‍मू-कश्‍मीर के रामबन में खड़ी कार से मिले दो पुलिसकर्मियों के शव, इलाके में मचा हड़कंप

ज़रूर पढ़ें