छत्तीसगढ़ में 27 सितंबर को होगा साहू समाज का वार्षिक सम्मेलन, प्रदेशभर के पदाधिकारी और सदस्य होंगे शामिल
साहू समाज मीडिया बातचीत
CG News: छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के वर्तमान कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर 27 सितंबर को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, जी.ई. रोड, साइंस कॉलेज परिसर में प्रथम वार्षिक सम्मेलन एवं आमसभा आयोजित की जाएगी. कार्यक्रम सुबह 11 बजे से होगा, जिसमें प्रदेशभर के पदाधिकारी, आजीवन सदस्य एवं सामाजिक प्रतिनिधि शामिल होंगे.
आमसभा की तैयारियों और एजेंडे की जानकारी देते हुए टिकरापारा स्थित भामाशाह छात्रावास में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को बताया कि सम्मेलन में पिछले एक वर्ष के सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा.
नियमवाली में संशोधन पर होगी चर्चा
आमसभा में संगठन का आय-व्यय विवरण एवं वित्तीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के साथ एकीकृत नियमावली में संशोधन पर चर्चा होगी. वहीं परिवार संस्कार कार्यशालाओं को प्रदेश के गांव-गांव और परिवार-परिवार तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा.
डॉ. साहू के अनुसार, परिवार में संवाद, बच्चों में संस्कार, बुजुर्गों के सम्मान, युवाओं के मार्गदर्शन और सामाजिक एकता को मजबूत करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है. धर्मांतरण और लव जिहाद से जुड़े विषयों पर भी आमसभा में मंथन एवं विचार-विमर्श किया जाएगा. इन विषयों को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने, परिवारों एवं युवाओं से संवाद तथा सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी.
आमसभा में वरिष्ठ पदाधिकारी होंगे शामिल
आमसभा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, विधायक मोतीलाल साहू सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है.
मीडिया से चर्चा के दौरान साधना साहू प्रदेश उपाध्यक्ष, उधो राम साहू प्रदेश महामंत्री, गोपाल साहू प्रदेश कोषाध्यक्ष, शशिकांत साहू प्रदेश संयोजक युवा प्रकोष्ठ, रोबिन साहू व हर्ष साहू प्रदेश महामंत्री युवा प्रकोष्ठ, दिलीप साहू प्रदेश संयोजक मीडिया प्रकोष्ठ, अशोक कुमार साहू प्रदेश महामंत्री मीडिया प्रकोष्ठ, मनीष साहू रायपुर संभाग अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
ये भी पढे़ं- राज्य अलंकरण 2026: 13 क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान, 5 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन