सूरजपुर में मिलावटी शराब का भंडाफोड़, 2500 नकली ढक्कन और 200 रैपर बरामद
पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब
सरगुजा संभाग में आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बड़ा खुलासा किया है. सूरजपुर जिले में आबकारी विभाग की टीम ने मिलावटी शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. कुमदा बस्ती में एक घर पर दबिश देकर टीम ने करीब 12 लीटर मिलावटी शराब, अलग-अलग ब्रांड के 2500 नकली ढक्कन, करीब 200 नकली रैपर और लेबल के साथ बड़ी संख्या में खाली शराब की शीशियां बरामद की हैं.
सूरजपुर जिले में गश्त कर रही थी टीम
जानकारी के मुताबिक, 25 सितंबर को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में सूरजपुर जिले में गश्त कर रही थी. इसी दौरान कुमदा चौक पर मुखबिर से सूचना मिली कि कुमदा बस्ती निवासी चंद्रप्रकाश राजवाड़े अपने घर में शराब में मिलावट कर उसे बेचने का काम कर रहा है.
रैपर और खाली शीशियां भी मिली
सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने कुमदा बस्ती स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी. तलाशी के दौरान एक कमरे से अलग-अलग ब्रांड की शराब के ढक्कन, रैपर और खाली शीशियां मिलीं. टीम ने करीब 2500 नग ढक्कन और 200 नग रैपर/लेबल जब्त किए. इसके अलावा कमरे से करीब 12 लीटर मिलावटी शराब भी बरामद की गई. यह शराब मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू समेत अलग-अलग ब्रांड की शीशियों में भरी हुई थी.
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े को आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) और 59(क) के तहत गिरफ्तार किया गया. 26 सितंबर को आरोपी को सूरजपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल दाखिल किया गया.
आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया…
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि अवैध और मिलावटी शराब के निर्माण तथा बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश मिले हैं. इसी क्रम में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता प्रभारी इंद्रबली मार्कंडेय के दिशा-निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है. विभाग ने आगे भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः लीज नवीनीकरण के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेते निगम का बाबू गिरफ्तार