CG Crime News: 10 वर्षीय मासूम ने खाट पर कुर्सी रखकर लगाया फंदा, मौत
मौत (प्रतिकात्मक)
CG Crime News: अंबिकापुर. शहर के गांधीनगर मथुआपारा में 10 वर्षीय छात्रा की फांसी लगाने से मौत का मामला सामने आया है. मासूम ने कथित तौर पर खाट पर कुर्सी रखकर लोहे के एंगल में फंदा बनाया और उससे लटक गई. घटना के बाद परिजन उसे नीचे उतारकर निजी अस्पताल ले गए, जहां से मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार लखनपुर क्षेत्र के ग्राम तिरकेला निवासी अपनेजर एक्का गांधीनगर मथुआपारा में कलिंदर जायसवाल के मकान में किराए से पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता था. वह मजदूरी करता था, जबकि उसकी पत्नी गांधीनगर के एक होटल में काम करती है. उनकी बड़ी बेटी अंजीता एक्का (10) मोहल्ले के स्कूल में कक्षा पांचवीं में पढ़ती थी.
कमरे में बंद थी मासूम
बताया गया कि 27 सितंबर की शाम करीब पौने पांच बजे अपनेजर अपनी छोटी बेटी को बाइक पर बैठाकर पत्नी को होटल से लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था. उस समय अंजीता और उसका भाई आर्यन घर पर थे. करीब छह बजे अपनेजर अपनी पत्नी के साथ वापस लौटा. घर के बाहर आर्यन खेल रहा था. पिता ने उससे अंजीता के बारे में पूछा तो उसने बताया कि दीदी कमरे में सो रही है.
इसके बाद अपनेजर और उसकी पत्नी कमरे के पास पहुंचे. कमरा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने हथौड़ी से दरवाजा खोला. अंदर का दृश्य देखकर दोनों के होश उड़ गए. अंजीता फंदे पर लटकी मिली. पिता ने तत्काल उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचा.
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मृत घोषित
निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़ में 1 से 3 नवंबर तक चलेगा राज्योत्सव, मुख्य सचिव ने की स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा