अंबिकापुर में साहू समाज ने किया 130 रिटायर्ड शिक्षकों का सम्मान, अध्‍यक्ष बोले- एक शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता

CG News: समारोह में सरगुजा संभाग के छह जिलों से पहुंचे करीब 130 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया.
Honouring 130 retired teachers

130 रिटायर्ड शिक्षकों का सम्मान

CG News: अंबिकापुर जिला में साहू संघ सरगुजा के संयोजन में संभाग स्तरीय शिक्षक सम्मेलन एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन भामाशाह छात्रावास, साहू धर्मशाला अंबिकापुर में किया गया. समारोह में सरगुजा संभाग के छह जिलों से पहुंचे करीब 130 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के आर साहू, विशिष्ट अतिथि रघुनाथ प्रसाद साहू एवं सुखदेव साहू रहे, जबकि अध्यक्षता जिला साहू संघ सरगुजा के अध्यक्ष सुरेश प्रसाद गुप्ता ने की. कार्यक्रम की शुरुआत भक्त माता कर्मा के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन, पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई.

छह जिलों के पदाधिकारी हुए शामिल

सम्मेलन में सरगुजा संभाग के छह जिलों के साहू समाज के जिला अध्यक्षों की मौजूदगी रही. इनमें सरगुजा से सुरेश प्रसाद गुप्ता, जशपुर से सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, बलरामपुर से बंशीधर गुप्ता, सूरजपुर से रामलल्लू साहू, कोरिया से जगदीश साहू और एमसीबी से मनमोहन साहू शामिल हुए.

इसके अलावा प्रदेश कार्यकारी सदस्य लक्ष्मी गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष बनारसी लाल गुप्ता, रामविलास साहू, रामसेवक गुप्ता और केके गुप्ता सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन कार्यक्रम में शामिल हुए.

सुरेश गुप्ता बोले, शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता

जिला साहू संघ सरगुजा के अध्यक्ष सुरेश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं. जिन सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया जा रहा है, उन्होंने अपना जीवन विद्यार्थियों और समाज के निर्माण में समर्पित किया है. उन्होंने कहा कि ‘एक शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, क्योंकि उसके दिए संस्कार और ज्ञान पीढ़ियों तक समाज को दिशा देते रहते हैं.’

शिक्षकों के योगदान को किया गया याद

समारोह में अतिथियों ने कहा कि शिक्षक सिर्फ पाठ्यक्रम पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. सेवानिवृत्ति के बाद भी उनके अनुभव और मार्गदर्शन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहते हैं. इस दौरान सम्मानित शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई.

कार्यक्रम के माध्यम से समाज में गुरुजनों के सम्मान, सामाजिक एकता और नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया. कार्यक्रम का संचालन मीरा साहू ने किया. आयोजन में साहू समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, मातृशक्ति और समाज के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही. समारोह का समापन सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया.

ये भी पढे़ं- Ambikapur: विजयादशमी महोत्सव को मिलेगा विराट स्वरूप, खुले मंच पर गूंजेगा संभाग स्तरीय रामचरितमानस

ज़रूर पढ़ें