रन चेज में शाई होप को याद आई धोनी की ये सलाह, 162 रनों की नाबाद पारी खेल भारत से छीनी जीत
एमएस धोनी और शाई होप
Shai Hope: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को मुल्लांपुर में खेला गया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने 352 रनों का टारगेट रखा.जिसे वेस्टइंडीज ने 48.2 ओवर में ही चेज कर लिया. कैरेबियाई टीम की इस जीत के हीरो उनके कप्तान शाई होप रहे जिन्होंने इस मैच में 162 रनों की नाबाद पारी खेली. मैच के बाद होप ने अपनी इस तूफानी पारी के पीछे का राज खिला. उन्होंने बताया कि भारतीय पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की एक सलाह ने उन्हें इस मुश्किल रनचेज में सही रणनीति बनाने में मदद की.
धोनी ने होप को क्या दी थी सलाह?
दरअसल भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप का बल्ला जमकर गरजा है. इस मैच में उन्होंने 162 रनों की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई. इस शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. मुकाबले के बाद होप ने बताया कि रनचेज शुरू करने से पहले उनके दिमाग में एमएस धोनी की दी गई एक सलाह थी. धोनी के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, एमएस धोनी के साथ मेरी अच्छी बातचीत हुई थी. उन्होंने मुझसे कहा था कि आपके पास हमेशा जितना आप सोचोगे उससे ज्यादा समय होता है.
यह भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल के डांस टीचर बने विराट कोहली, वायरल वीडियो ने फैंस का जीता दिल
होप ने क्या कहा?
धोनी की इसी बात को होप ने अपनी बल्लेबाजी की रणनीति का आधार बताया. वेस्टइंडीज के कप्तान शुरुआत में जोखिम लेने से बचे और पारी को संभाला. होप का इरादा आखिरी ओवरों के लिए खुद को तैयार रखने का था. होप ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा,”मैं नतीजे पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहता था. सिर्फ प्रोसेस पर फोकस करना था. उन्होंने कहा मैंने खेल को छोटे हिस्सों में बांटने और आखिरी चरण में बाउंड्री हासिल करने के तरीके को ढूंढने की कोशिश की.”
104 गेंदों में जड़ा शतक
इस मैच में शाई होप ने 104 गेंदों में शानदार शतक जड़ा. वनडे क्रिकेट में यह उनका 21वां शतक रहा. शतक पूरा करने के बाद होप ने गियर बदला और तेजी से रन बटोरे. अगली 39 गेंदों में उन्होंने 62 रन कूट डाले और मुकाबले में वेस्टइंडीज की पकड़ मजबूत कर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया.