दो दिन छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, यहां पढ़ें मिनट टू मिनट कार्यक्रम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
Draupadi Murmu CG Visit: छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा तय हो गया है. राष्ट्रपति 22 और 23 अक्टूबर को रायपुर और जगदलपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी. इसके लिए मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. प्रशासन ने दौरे की तैयारियां तेज कर दी हैं.
22 अक्टूबर को रायपुर में कार्यक्रम
बता दें कि, राष्ट्रपति मुर्मू 22 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगी. दोपहर 12:45 बजे वे रायपुर के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी. इस कार्यक्रम में वे पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी.
Raipur में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मैच देखने पहुंचे CM साय, बोले-यह ऐतिहासिक उपलब्धि है
इसके बाद शाम 4 बजे वे रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी. इस कार्यक्रम में वे सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी. नुआखाई पर्व छत्तीसगढ़ और ओडिशा क्षेत्र में नई फसल के स्वागत के पर्व के रूप में मनाया जाता है.
23 अक्टूबर को जगदलपुर दौरा
दूसरे दिन 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी. मां दंतेश्वरी बस्तर की आराध्य देवी हैं. राष्ट्रपति के मंदिर दर्शन को लेकर मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है.इसके बाद दोपहर 12:45 बजे वे जगदलपुर में मुरिया दरबार एवं बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी.
प्रशासन अलर्ट मोड पर
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रायपुर और जगदलपुर दोनों जिलों का प्रशासन अलर्ट मोड पर है. सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं. कार्यक्रम स्थलों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं.राष्ट्रपति के इस दौरे को छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.