रायपुर की बेटी आव्या वर्मा की कला ने भरी अंतरिक्ष में उड़ान, स्पेस आर्ट कॉन्टेस्ट में हासिल किया प्रथम स्थान
रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सुंदर नगर की रहने वाली 8 वर्षीय आव्या वर्मा ने अपनी प्रतिभा से परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. विज्ञान और पेंटिंग में बचपन से ही गहरी रुचि रखने वाली आव्या ने स्पेस आर्ट कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया था, जिसमें उनकी कलाकृति को प्रथम स्थान मिला.
आव्या, रायपुर के सुंदर नगर निवासी अमित वर्मा की बेटी हैं. वर्तमान में वह अपने माता-पिता के साथ अमेरिका के फ्लोरिडा में रहती हैं. महज 8 साल की उम्र में आव्या ने अपनी रचनात्मक सोच और कला के माध्यम से एक खास उपलब्धि हासिल की है.
बताया जा रहा है कि अक्टूबर में आव्या और उनके परिवार को फ्लोरिडा स्थित साइंस सेंटर की ओर से आमंत्रण मिला था. प्रतियोगिता में आव्या की कलाकृति को चयनित किए जाने के बाद उसे स्पेसएक्स के एक कार्यक्रम के तहत अंतरिक्ष में भेजे जाने का अवसर मिला.
आव्या की यह उपलब्धि दर्शाती है कि बच्चों की कल्पनाशीलता और विज्ञान के प्रति उनकी रुचि उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है. इतनी कम उम्र में अंतरिक्ष से जुड़े कार्यक्रम का हिस्सा बनना आव्या के लिए एक यादगार अनुभव है.
आव्या की इस सफलता से उनके परिवार में खुशी का माहौल है. उनकी उपलब्धि उन बच्चों के लिए भी प्रेरणा है, जो विज्ञान, कला और अंतरिक्ष की दुनिया में कुछ नया करने का सपना देखते हैं.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG News: ‘सपना सच हुआ..’, जहां लोगों ने कभी ट्रेन नहीं देखी, वहां महिला लोको पायलेट लेकर पहुंची मेमू, पढ़िए क्या कहा