कौन है सचिन यादव? जिन्हें कांग्रेस ने दी बड़ी जिम्मेदारी, यूपी चुनाव के लिए वॉर रूम चेयरपर्सन बनाया
कांग्रेस नेता सचिन यादव यूपी विधानसभा चुनाव के लिए वार रूम चेयरपर्सन बनाए गए
Who Is Sachin Yadav: पूर्व कैबिनेट मंत्री सचिन यादव को कांग्रेस ने बड़ी जिम्मेदारी दी है. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने उन्हें वॉर रूम चेयरपर्सन बनाया है. यूपी के साथ-साथ पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड के लिए प्रभारी के नाम जारी किए गए. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नियुक्ति की है.

यूपी चुनाव में वॉर रूम की कमान मिलने पर सचिन यादव ने खुशी जाहिर की है. इसके साथ ही सोशल मीडिया फेसबुक पर पोस्ट करके लिखा कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस वॉर रूम के चेयरमैन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने हेतु कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी एवं शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार है.

कौन है सचिन यादव?
सचिन यादव कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं. खरगोन जिले की कसरावद विधानसभा सीट से तीन बार के विधायक हैं. सचिन कसरावद सीट से पहली बार विधायक बने. उस समय में उन्होंने बीजेपी विधायक आत्माराम पटेल को करीब 10 हजार वोटों के अंतर से हराया था. इसके बाद लगातार ये क्रम आज तक जारी है. उन्होंने 2018 और 2023 में हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी आत्माराम पटेल को हराया. पार्टी में बड़े नाम के तौर पर जाने जाते हैं.
विरासत में मिली राजनीति
सचिन यादव के पिता सुभाष यादव कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे हैं और मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोकसभा सदस्य थे. साल 2013 में उनका निधन हो गया. सचिन के भाई अरुण यादव भी कांग्रेस के जाने-पहचाने नाम हैं और खंडवा एवं खरगोन सांसद रहे. सचिन यादव की बात करें तो वे कमलनाथ सरकार में साल 2018 से 2020 तक कैबिनेट मंत्री रहे. उन्होंने कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग और हॉर्टिकल्चर एवं फूड प्रोसेसिंग विभाग की जिम्मेदारी संभाली.