अंबिकापुर गोलीकांड: होटल संचालक के बेटे के खिलाफ FIR, हिंदूवादी नेता से पहले भी हुआ था विवाद
अंबिकापुर गोलीकांड
CG News: अंबिकापुर के देव होटल में गोलीकांड के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, दो राउंड गोलियां रात में चलीं. गोली चलाने का आरोप होटल संचालक के बेटे हनी सिंह पर लगा है. पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि होटल संचालक का पुत्र हनी सिंह रात में घटना के बाद मौके पर था, लेकिन अब वह घर में नहीं है.
दोनों पक्षों ने नहीं कराया मामला दर्ज
दूसरी तरफ हनी सिंह का विवाद करीब 15 दिन पहले हिंदूवादी संगठन के नेता चुन्नू सिंह के साथ हुआ था. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने बताया कि उस विवाद पर दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी, क्योंकि दोनों पक्ष के लोगों ने खुद से इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी. पुलिस सूत्रों का कहना है कि फायरिंग की घटना के बाद चुन्नू सिंह भी अपने घर में नहीं है.
होटल में हुई दो राउंड फायरिंग
शुक्रवार की रात देव होटल में दो राउंड गोली चलने की खबर सामने आई थी. इसके बाद नगर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा व नगर पुलिस अधीक्षक, दोनों पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे. काफी देर तक जांच-पड़ताल की गई थी. इस दौरान एक बड़े नेता भी मौके पर पहुंचे थे. इसके बाद सरगुजा आईजी के निर्देश पर पुलिस ने आज सुबह इस मामले की जांच शुरू की और पुलिस की टीम एक बार फिर होटल परिसर में पहुंची. पुलिस ने वहां से एक एयर गन बरामद की. इसके अलावा तीन लोगों को भी पुलिस अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गई. बताया जा रहा है कि ये तीनों लोग होटल में ही रुके हुए थे. इनमें से दो व्यक्ति उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जो बाउंसर का काम करते हैं.
गोली चलाने की असल वजह नहीं आई सामने
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. यह गोली किसी को टारगेट कर चलाई गई या फिर हवाई फायरिंग की गई, यह स्पष्ट नहीं हुआ है. दूसरी तरफ पुलिस ने बताया है कि गोली हनी सिंह ने चलाई. हालांकि घटना के बाद हनी मौके पर था जब पुलिस पहुंची थी और आज सुबह जब पुलिस ने उसे बुलाया, तो वह घर पर नहीं था. पुलिस का कहना है कि हनी सिंह और चुन्नू सिंह के बीच पुरानी रंजिश है. इसी वजह से कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ था. तब पुलिस ने पूरे मामले में हस्तक्षेप करते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी.
सीसीटीवी फुटेज किए गए डिलीट
दूसरी तरफ जांच करने के लिए मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों का कहना था कि होटल का सीसीटीवी रिकॉर्ड फुटेज डिलीट कर दिया गया है. घटना के समय का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं हो पाया है. ऐसे में पूरी घटना का खुलासा होना बेहद जरूरी हो गया है, क्योंकि इस घटना के बाद शहर के लोग दहशत में आ गए हैं. बहुत दिनों बाद शहर में इस तरह रात के समय किसी होटल में गोली चलने की घटना सामने आई है.
पिस्टल मां के नाम पर, लाइसेंस दिल्ली से जारी
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हनी सिंह के घर से एक पिस्टल मिली है, जो उनकी मां के नाम पर है और इसका लाइसेंस दिल्ली से जारी हुआ है. हनी की मां अधिवक्ता हैं. इसके अलावा रात में खबर आई थी कि पुलिस ने पांच पिस्टल बरामद की हैं, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इससे इनकार कर दिया है. चर्चा है कि रात में कार्रवाई के दौरान एक सीनियर नेता के मौके पर पहुंच जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई काफी हद तक प्रभावित हुई.
ये भी पढे़ं- Ambikapur: देर रात होटल में फायरिंग ने मचाई सनसनी!पुलिस ने 5 पिस्टल किए जब्त