Ambikapur Weather: अंबिकापुर में शाम ढलने से पहले छाया अंधेरा, लोग हुए हैरान, मौसम वैज्ञानिक ने बताई ये वजह
अंबिकापुर का अचानक बदला मौसम
Ambikapur Weather: अंबिकापुर में मौसम का मिजाज बदल गया है. यहां शाम 4:30 बजे ही मौसम शाम ढलने जैसा हो गया और उसके बाद गरज चमक शुरू हुई और बारिश शुरू हो गई. मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है. माना जा रहा है कि मौसम में आने वाले कुछ दिनों तक किसी तरीके से उतार-चढ़ाव हो सकता है.
अंबिकापुर का अचानक बदला मौसम
अंबिकापुर में शाम 4:00 के बाद मौसम में एकाएक परिवर्तन देखने को मिला. धीरे-धीरे आसमान में बादल छाने लगे. उसके बाद अचानक 4:30 बजे के करीब अंधेरे की स्थिति बन गई और लोग अपनी गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर चलते हुए दिखाई दिए. हवाएं भी तेजी के साथ चलने लगी और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई. इस दौरान लोगों को गर्मी से राहत मिली क्योंकि पिछले कुछ दिनों से लगातार लोग तेज गर्मी की वजह से परेशान हो रहे थे. शाम 4:30 बजे इतना तापमान था कि लोगों का पसीना निकल रहा था, लेकिन आज जिस तरीके से मौसम ने करवट लिया है उससे माना जा रहा है कि गर्मी पर इसका सीधा असर पड़ेगा.
मौसम वैज्ञानिक ने क्या बताया?
मौसम वैज्ञानिक ए एम भट्ट ने बताया कि पश्चिमी विच्क्षोभ की वजह से ऐसी स्थिति बन रही है. मध्य प्रदेश की तरफ से पश्चिमी विच्छोभ का असर छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया है और 29 मार्च तक इसका असर देखने को मिलेगा. उन्होंने बताया कि इसकी वजह से आसमान में बादल, हल्की बारिश, गरज चमक और ओलावृष्टि की संभावना है.