Ambikapur: पानी संकट से परेशान व्यापारी ने सरकारी सड़क पर करा दिया बोरवेल, जानकारी के बाद भी अफसरों ने नहीं की कार्रवाई
Ambikapur: अंबिकापुर नगर निगम प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है. अंबिकापुर शहर में स्थित राम मंदिर गली में एक व्यापारी के द्वारा सड़क में ही बोरवेल कर दिया गया, व्यापारी का कहना है कि पिछले 45 सालों से हुए जल संकट से जूझ रहे हैं, नगर निगम के द्वारा जो पानी आपूर्ति किया जाता है वह पर्याप्त नहीं होता है. इसकी वजह से उन्हें पानी की टंकी मंगानी पड़ती है, वहीं दूसरी तरफ सड़क में बोर करने की शिकायत कई लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों के पास की लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई.
व्यापारी ने सरकारी सड़क पर करा दिया बोरवेल
अंबिकापुर नगर निगम का उड़नदस्ता दल पूरी तरीके से निष्क्रिय हो चुका है, ऐसा इसलिए क्योंकि रविवार को नगर निगम के उड़न रास्ता टीम के पास एक शिकायत पहुंची थी कि राम मंदिर रोड में एक व्यापारी के द्वारा सड़क पर बोर कराया जा रहा है. पिछले 24 घंटे से बोरवेल का काम चल रहा है, लेकिन रविवार को करीब 4:00 बजे उड़न दस्ता की टीम मौके पर पहुंची और बिना कार्रवाई वापस लौट गई, इसकी शिकायत जिला प्रशासन के अधिकारियों से हुई, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. स्थानीय लोगों का कहना था कि अगर कोई सामान्य व्यक्ति इस तरीके से सड़क पर बोर करता तो सबसे पहले बोर मशीन को जप्त कर लिया जाता, उसके बाद जुर्माना अलग से लगाया जाता, लेकिन इस मामले में कार्रवाई नहीं होने से सड़क के किनारे और मनमर्जी तरीके से बोर करेंगे.
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में सरकारी जमीन में निजी लोगों के द्वारा इस तरह बोर कराना जहां नियम के विपरीत है वहीं जहां सड़क में मोड़ पर बोर कराया गया है उससे हादसे का भी खतरा बना रहेगा. बताया जाता है कि बोर से पहले स्थानीय नेताओं और अफसरों से सेटिंग कर सड़क पर बोर कराया गया है.
बोर कराने वाले व्यापारी सुरेश जलान का कहना है कि उनका परिवार पिछले 45 सालों से जल संकट से जूझ रहा है. कई बार उन्होंने नगर निगम से पानी उपलब्ध कराने की मांग की लेकिन इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई, नगर निगम से महज कुछ मिनट ही पानी नल से आता है जो पर्याप्त नहीं होता है और गर्मी के दिनों में परेशानी और भी अधिक बढ़ जाती है इसके कारण उनके द्वारा हर रोज ₹700 का पानी खरीदा जाता है और इससे परेशान होकर उन्होंने इस तरह बोरवेल करने का फैसला लिया.
जानकारी के बाद भी अफसरों ने नहीं की कार्रवाई
इस मामले को लेकर मौके पर पहुंचे नगर निगम के उड़नदस्ता प्रभारी से बात किया गया तो उनका कहना था कि आज रविवार है और कार्यवाही करने वाले इंजीनियर व कर्मचारी छुट्टी में है. इसकी वजह से आज कार्रवाई नहीं की जा रही है. हालांकि इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई होगी उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया.