CG News: CBSE का बड़ा फैसला, OSM पोर्टल पर सभी शिक्षकों के लिए मॉक इवैल्यूएशन अनिवार्य, प्रिंसिपल्स को मिला मॉनिटरिंग डैशबोर्ड
CBSE
CG News: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने ऑनलाइन स्कैन मार्किंग (OSM) सिस्टम के तहत उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियों को तेज कर दिया है. बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी शिक्षक OSM पोर्टल पर लॉग-इन कर मॉक इवैल्यूएशन यानी प्रैक्टिस सेशन अनिवार्य रूप से पूरा करें. यह कदम आगामी मुख्य मूल्यांकन प्रक्रिया को सुचारु और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है.
लॉग-इन में आ रही तकनीकी दिक्कतें
CBSE शिक्षकों को उनके पंजीकृत ई-मेल आईडी पर लॉग-इन से जुड़ी जानकारी भेज रहा है, जबकि ओटीपी OASIS में दर्ज मोबाइल नंबर पर प्राप्त हो रहा है. कई शिक्षकों को ई-मेल मिल चुके हैं, लेकिन जिनकी OASIS प्रोफाइल में ई-मेल या मोबाइल नंबर गलत दर्ज हैं, उन्हें लॉग-इन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
प्रिंसिपल और HoS के लिए विशेष डैशबोर्ड
शिक्षकों की प्रगति पर नजर रखने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने प्रिंसिपल और हेड ऑफ स्कूल (HoS) के लिए विशेष OSM डैशबोर्ड तैयार किया है. इस डैशबोर्ड के माध्यम से स्कूल प्रमुख यह देख सकते हैं कि कुल कितने शिक्षक इवैल्यूएटर के रूप में सूचीबद्ध हैं, कितनों ने मॉक इवैल्यूएशन पूरा कर लिया है, कितनों ने लॉग-इन तो किया लेकिन सेशन अधूरा छोड़ा, कितनी कॉपियों का मूल्यांकन किया जा चुका है और कितने शिक्षक अब तक पोर्टल पर सक्रिय नहीं हुए हैं. इससे स्कूल प्रशासन को समय रहते कमियां दूर करने और शिक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन देने में मदद मिलेगी.
OASIS डिटेल अपडेट की सुविधा
डैशबोर्ड में OASIS लिंक की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे प्रिंसिपल शिक्षक की ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं. जानकारी अपडेट होने के लगभग छह घंटे बाद शिक्षक को नई लॉग-इन डिटेल ई-मेल पर और ओटीपी मोबाइल पर भेज दिया जाएगा. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सही संपर्क विवरण OSM प्लेटफॉर्म तक निर्बाध पहुंच और प्रभावी संवाद के लिए अत्यंत आवश्यक हैं.
डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली OSM की खासियत
OSM एक डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली है, जिसमें छात्रों की उत्तरपुस्तिकाओं को स्कैन कर ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाता है. शिक्षक स्क्रीन पर उत्तरपुस्तिकाओं की जांच करते हैं, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक बनती है. इस प्रणाली से मैन्युअल हैंडलिंग कम होती है और परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित हो जाती है.
CBSE का सख्त निर्देश
CBSE ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे OSM डैशबोर्ड की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कक्षा 11 और 12 पढ़ाने वाले सभी शिक्षक जल्द से जल्द मॉक इवैल्यूएशन पूरा करें, ताकि मुख्य मूल्यांकन के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए.
ये भी पढे़ंं- आपराधिक मामला और विभागीय जांच साथ-साथ नहीं चलेगी, पुलिस आरक्षक की जांच के मामले हाई कोर्ट का फैसला