10वीं-12वीं के छात्रों के लिए जरूरी खबर, माशिमं ने 5 साल बाद बढ़ाया परीक्षा शुल्क, अब 460 की जगह लगेंगे इतने पैसे
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल
CG News: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने पांच साल बाद 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है. 2026-27 सत्र से लागू नए शुल्क के तहत नियमित परीक्षार्थियों को अब बोर्ड परीक्षा, अंकसूची और प्रति विषय प्रैक्टिकल मिलाकर 800 रुपये चुकाने होंगे. पहले इसके लिए 460 रुपये देने पड़ते थे. इसे लेकर माशिमं की सचिव पुष्पा साहू आदेश जारी किया है.
10वीं-12वीं कक्षा के परीक्षा की फीस बढ़ी
बोर्ड परीक्षा के आवेदन फार्म के शुल्क में भी 70 रुपये की वृद्धि की गई है. पहले आवेदन के लिए 80 रुपये देने होते थे, जो अब बढ़कर 150 रुपये हो गए हैं. हालांकि प्रवेश पत्र की द्वितीय प्रति के शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसके लिए पहले की तरह 80 रुपये ही देने होंगे.

10वीं और 12वीं परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी का निर्णय माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया. समिति ने करीब 22 मदों के शुल्क में वृद्धि को मंजूरी दी है. इनमें नामांकन शुल्क, अतिरिक्त विषय, एक विषय-दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा), स्वाध्यायी छात्रों के पंजीयन एवं अनुमति शुल्क सहित अन्य मद शामिल हैं.
जानें कितना लगेगा शुल्क
- एक विषय की परीक्षा के लिए अब 400 रुपये देने होंगे, जो पहले 280 रुपये थे.
- वहीं दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा) के लिए शुल्क 340 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है.
- गौरतलब है कि माशिमं ने इससे पहले वर्ष 2021 में बोर्ड परीक्षा और अन्य संबंधित शुल्कों में वृद्धि की थी.
- अब पांच साल बाद दोबारा शुल्क बढ़ने से छात्रों और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा.
ये भी पढ़ें- परीक्षा पे चर्चा 2026: पीएम मोदी ने चखा छत्तीसगढ़ की ठेठरी-खुरमी का स्वाद, खुश होकर छात्रों से पूछ ली रेसिपी
स्वाध्यायी छात्रों पर भी असर
प्रदेश के स्वाध्यायी एससी/एसटी छात्रों के पंजीयन व अनुमति शुल्क में भी लगभग डेढ़ गुना वृद्धि की गई है. पहले जहां इसके लिए 560 रुपये देने होते थे, अब 800 रुपये देने होंगे. वहीं राज्य के नए छात्रों और राज्य से बाहर के छात्रों के पंजीयन व अनुमति शुल्क में 560 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. पहले 1,540 रुपये देने पड़ते थे, जो अब 2,000 रुपये हो गए हैं.