CG News: धमतरी सभापति ई-रिक्शा से पहुंच रहीं नगर निगम, विपक्ष ने साधा निशाना, महापौर ने बताया वाहनों की खराबी
नगर निगम धमतरी
CG News: छत्तीसगढ़ के धमतरी में इन दिनों अजब-गजब नजारा देखने को मिल रहा है. यहां नगर निगम सभापति कौशल्या देवांगन पिछले एक हफ्ते से ई-रिक्शा से ऑफिस पहुंच रही हैं. जहां विपक्ष इसे महिला के मान-सम्मान से इसे जोड़कर देख रहा है. वहीं, महापौर रामू रोहरा ने वाहन खराबी का हवाला दिया है.
सभापति ने क्या कहा?
सभापति कौशल्या देवांगन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक हुई, उसके अगले दिन ही उनसे सरकारी वाहन ले लिया गया. अब वे ई-रिक्शा से ऑफिस आ रही हैं. उन्होंने आगे बताया कि जब वाहन वापस लेने के बारे में पूछा तो बताया गया कि तकनीकी खराबी की बात कही गई.
महापौर ने कहा – राइट ऑफ करके नई व्यवस्था
धमतरी नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने इस बारे में कहा कि महापौर, सभापति और आयुक्त तीनों की गाड़ियां खराब हैं. उन्होंने आगे बताया कि पहले 400 लीटर डीजल की खपत होती थी, जिसे धीरे-धीरे घटाकर 200 लीटर पर लाया गया है. ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से डीजल-पेट्रोल की सप्लाई में दिक्कत आ रही है. इस वजह से पेट्रोल पंप संचालक उन्हें उधार डीजल नहीं दे रहे हैं. क्योंकि उन्हें भी उधार नहीं मिल रहा है.
इसके साथ ही महापौर ने गाड़ियों के खराब होने की बात कही. उन्होंने कहा कि खराब गाड़ियों पर हर महीने 1.50 लाख रुपये तक का खर्च आ रहा है. निगम इतना पैसा कैसे खर्च करेगा. खराब गाड़ियों को राइट-ऑफ कर नई गाड़ियों की मांग की जाएगी. राज्य सरकार से भी मदद ली जाएगी.
ये भी पढ़ें: ये है बस्तर का ‘कोल्ड ड्रिंक’, गर्मी में खूब पसंद करते हैं आदिवासी
ये दुर्भाग्यपूर्ण है- नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा सभापति को निगम प्रशासन की ओर से वाहन उपलब्ध कराया जाता है. अब तक उनके पास बोलेरो थी. इस गाड़ी को 5 से 6 साल हो चुके हैं. अब उन्हें ई-रिक्शा से आना पड़ रहा है. ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. एक ओर महिला सशक्तिकरण की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर उन्हें हतोत्साहित किया जाता है.