Naxal Encounter: बीजापुर में सुरक्षा जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो नक्सली ढेर
नक्सल मुठभेड़
Naxal Encounter: बीजापुर के इंद्रावती नदी क्षेत्र में सुरक्षाजवानों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ चल रही है. इस मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर हो गए हैं. दोनों नक्सलियों के शव को फोर्स ने बरामद किया है. वहीं मारे गए नक्सलियों के पास से SLR और इंसास राइफल बरामद हुआ है.
सुरक्षा जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
जिला बीजापुर के इन्द्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की आसूचना पर संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी. अभियान के दौरान आज सुबह इन्द्रावती नदी क्षेत्र में सुरक्षा बलों एवं माओवादियों के बीच मुठभेड हुई.
दो नक्सलियों के शव बरामद
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ के बाद सर्च के दौरान 02 वर्दीधारी माओवादी के शव एवं मुठभेड़ स्थल से SLR Rifle, INSAS Rifle एवं 12 बोर Rifle जैसे हथियार, विस्फोटक एवं अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई. पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि क्षेत्र मे सर्च अभियान जारी है. विस्तृत रिपोर्ट पृथक से अवगत कराई जायेगी.
ये भी पढ़ें- CG Budget 2026: भूपेश बघेल ने उठाया कस्टोडियल डेथ का मुद्दा, जीवन ठाकुर की मौत के मामले में विजय शर्मा ने दिया जवाब
DVCM मासे बारसा ने किया सरेंडर
इधर कांकेर जिले के छिंदपदर गांव में नक्सली डीवीसीएम मासे बारसा ने एके-47 के साथ पुलिस के सामने सरेंडर किया है. 2003 से दण्डकारण्य, अबूझमाड़ और उत्तर बस्तर क्षेत्र में सक्रिय रही मासे ने संगठन छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया. जंगल क्षेत्र से निकलकर वह सीधे कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल रखेचा के पास पहुंचीं और सरेंडर किया.
बता दें कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने का टास्क सरकार ने रखा है. जिसके बाद से नक्सली प्रभावित इलाकों में लगातार सरेंडर और गिरफ्तारी का सिलसिला व्यापक पैमाने में जारी है. साथ ही इनपुट के आधार पर नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर लगातार जवान ऑपरेशन निकाल रहे हैं. बीजापुर के इन्द्रावती इलाके में बचे हुए नक्सलियों से सरेंडर की अपील भी पुलिस कर रही है.